मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिग कर प्रवासियों से की बात
जमुई। प्रखंड कार्यालय स्थित नवनिर्मित प्रौद्योगिकी भवन में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर का डीएम धर्मेंद्र कुमार व एसपी जमुई डॉ. इनामुल हक मेंगनू ने रविवार की दोपहर निरीक्षण किया।
जमुई। प्रखंड कार्यालय स्थित नवनिर्मित प्रौद्योगिकी भवन में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर का डीएम धर्मेंद्र कुमार व एसपी जमुई डॉ. इनामुल हक मेंगनू ने रविवार की दोपहर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मियों से क्वारंटाइन सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वीडियो काफ्रेंसिग में प्रवासियों के साथ डीएम-एसपी ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से डीएम-एसपी से क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे प्रवासियों की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने क्वारंटाइन में रह रहे प्रवासी कामगार फतेहपुर गांव निवासी बजरंगी कुमार एवं नवकाडीह गांव के कैलाश रविदास से बात की। दोनों में एक कोलकाता व दूसरा सूरत से आने की बात बताई। बजरंगी ने कहा कि जिस कंपनी में मजदूरी करता था उसने लॉकडाउन होते ही भाग जाने के लिए कहा। न खाने की सामग्री उपलब्ध कराई, न मजदूरी के रुपये दिए। मुख्यमंत्री ने बजंरगी की बातों से भावुक होकर अपने बिहार में ही रोजगार करने के लिए प्रेरित किया। वहीं सरकारी मदद देने की बात कही। एक घंटे से अधिक देर तक चले वीडियो कांफ्रेंसिग के अंत में मुख्यमंत्री ने डीएम-एसपी से रेड जॉन से आए प्रवासियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही क्वारंटाइन में रह रहे प्रवासियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं आए, इस पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। एक दिन पूर्व डीएम धर्मेन्द्र कुमार ने क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण कर प्रवासियों के मनोरंजन को लेकर अपनी मौजूदगी में ही एलईडी टीवी लगवाया था। जिसे प्रवासी मजदूरों ने डीएम की प्रशंसा की थी। इस अवसर बीडीओ वीणा कुमारी, अंचलाधिकारी विनोद कुमार चौधरी, स्वास्थ्य प्रबंधक समेत कई अन्य नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।