संस्थानों में नई टेक्नोलॉजी की पढ़ाई का लक्ष्य : नीतीश
जमुई। राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर जिन संस्थानों का निर्माण कराया है अब वहां नई टेक्नोलॉजी की पढ़ाई का लक्ष्य है।
जमुई। राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर जिन संस्थानों का निर्माण कराया है अब वहां नई टेक्नोलॉजी की पढ़ाई का लक्ष्य है। हर प्रमंडल में टूल्स सेंटर खोले जाने का भी लक्ष्य रखा गया है। 12वीं पास छात्राओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार व बीए पास करने पर छात्राओं को मिलने वाली 25 हजार प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर अब 50 हजार कर दिए जाने की योजना है।
गुरुवार को सोनो प्रखंड के पैरामटिहाना मैदान में जदयू प्रत्याशी संजय प्रसाद के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कही। कहा कि जल जीवन हरियाली योजना को संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी सराहा है। इसके लिए 24 सितंबर को पर्यावरण के लिए किए गए कार्य के लिए यूएन ने बिहार सरकार की सराहना भी की। कोरोना से निपटने के लिए सरकार की तैयारियां तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए 3 करोड़ 47 हजार पौधारोपण कर बिहार को विश्वस्तर पर अलग पहचान दिलाई। कहा बिहार को सक्षम व स्वाबलंबी बनाएंगे। हर घर नल का जल योजना के अनुरक्षण पर सरकार ने बजट का प्रावधान किया है। सूखाग्रस्त इलाके के लिए विशेष योजना तथा आठ-दस पंचायतों के बीच एक पशु अस्पताल खोले जाने की योजना है। पशुपालन, मत्स्यपालन एवं दुग्ध उत्पादन में आशातीत प्रगति से बिहार खुशहाली के पथ पर अग्रसर है। अब बिहार को बाहर से कुछ मंगाना नहीं पड़ेगा। यहां का उत्पाद अब बाहर जाएगा। हर घर बिजली कनेक्शन, शौचालय, मेडिकल कॉलेजों का निर्माण, कुशल युवा कार्यक्रम, हर खेत तक सिचाई का पानी, सामाजिक एकजुटता का प्रयास, सड़क, स्कूल, अस्पताल, सात निश्चय योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की चर्चा करते हुए उन्होंने बिहार सरकार की उपलब्धियां गिनाई। अपराध के मामले में बिहार का 23वें स्थान पर आना कानून के राज का प्रमाण है। एससी-एसटी, ओबीसी तथा अल्पसंख्यकों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई। अपराध की घटनाएं, नरसंहार, जंगलराज जैसे शब्द पति- पत्नी राज की बातें थीं। पंचायत चुनाव में 50 फीसद महिला आरक्षण सहित एससी एसटी एवं अत्यंत पिछड़े वर्ग को आरक्षण देकर पंचायती राज संस्थान को मजबूती प्रदान किया। उन्होंने जदयू प्रत्याशी संजय प्रसाद को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, जदयू संसदीय दल के नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, चकाई से जदयू प्रत्याशी संजय प्रसाद, वरीय नेता इंजीनियर शंभू शरण, जिला पार्षद राम लखन मुर्मू , मु. इरफान, प्रहलाद रावत, रामचरित्र मंडल, विन्देश्वरी वर्मा सहित बड़ी संख्या में एनडीए के नेतागण उपस्थित थे। सभा का संचालन चकाई भाजपा मंडल अध्यक्ष शालीग्राम पांडेय ने किया जबकि मंच की अध्यक्षता जदयू के नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष साधु राम ने की।