बैड टच कांड पर जमुई में घिरीं मंत्री रमा निषाद; छात्रा से छेड़खानी पर पूछा सवाल तो साधी चुप्पी, तेजी से निकलीं आगे
जमुई में बिहार की मंत्री रमा निषाद मड़वा पहाड़ छेड़खानी कांड और महिला सुरक्षा पर सवालों से बचती दिखीं, बिना ...और पढ़ें
-1790344865634_m.webp)
जमुई पहुंचीं बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद
HighLights
मंत्री रमा निषाद ने मड़वा पहाड़ छेड़खानी कांड पर चुप्पी साधी।
जमुई में महिला सुरक्षा के सवालों पर जवाब देने से बचीं मंत्री।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'आंगन का मिलनोत्सव' की योजना बताई।
संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के बहुचर्चित मड़वा पहाड़ छेड़खानी कांड को लेकर जब पूरे प्रदेश की सियासत और जनमानस में उबाल है, ऐसे संवेदनशील माहौल में जमुई पहुंचीं बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद का रुख चर्चा का विषय बन गया। शुक्रवार को जमुई प्रवास के दौरान जब मीडियाकर्मियों ने उनसे मड़वा पहाड़ की शर्मनाक घटना और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल दागे, तो मंत्री महोदया जवाब देने से पूरी तरह बचती नजर आईं और बिना कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया दिए तेजी से आगे निकल गईं।
पत्रकारों ने मंत्री से जानना चाहा था कि मड़वा पहाड़ पर नाबालिग छात्रा के साथ हुई दरिंदगी, पुलिस एनकाउंटर, नामजद आरोपितों की धरपकड़ और इस पूरे प्रकरण में सरकार के स्तर से बेटियों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। लेकिन सरकार की जिम्मेदार मंत्री ने इस गंभीर और ज्वलंत सामाजिक मुद्दे पर एक शब्द भी बोलना मुनासिब नहीं समझा और चुप्पी साधते हुए अपने काफिले की ओर बढ़ गईं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनेगा 'आंगन का मिलनोत्सव'
छेड़खानी कांड पर भले ही मंत्री ने चुप्पी साध ली, लेकिन इससे पहले उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और आगामी आयोजनों का खाका पेश किया। मंत्री रमा निषाद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक कार्यकाल के ऐतिहासिक पड़ाव के उपलक्ष्य में बिहार के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 13 प्रमुख थीम निर्धारित की गई हैं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण थीम ‘आंगन का मिलनोत्सव’ है।
13 थीम पर होंगे कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। इन योजनाओं और केंद्रों की दैनिक गतिविधियों से आम जनमानस को जोड़ने व जागरूक करने के उद्देश्य से ही मिलनोत्सव की रूपरेखा तैयार की गई है।
एनडीए नेताओं और अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए निर्देश
मंत्री ने जानकारी दी कि इन कार्यक्रमों को प्रभावी व भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले के प्रशासनिक पदाधिकारियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की गई है। बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सफलता सुनिश्चित करने की जवाबदेही सौंपी गई है।
