एक ही घर में दो-दो डॉक्टर: जमुई की साक्षी रानी ने NEET PG में पाई सफलता, छोटी बहन स्वास्तिक भी MBBS
डॉ. साक्षी रानी ने नीट पीजी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सिमुलतला, जमुई का नाम रोशन किया है।

डॉ. साक्षी रानी। (जागरण)
HighLights
डॉ. साक्षी रानी ने नीट पीजी परीक्षा में सफलता हासिल की।
सिमुलतला, जमुई की बेटी ने क्षेत्र का नाम रोशन किया।
छोटी बहन डॉ. स्वास्तिक भी चिकित्सा सेवा से जुड़ी हैं।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। कठिन परिश्रम, अटूट लगन और दृढ़ संकल्प से सिमुलतला निवासी शैलेंद्र बरनवाल एवं पूनम देवी की पुत्री डॉ. साक्षी रानी ने नीट पीजी में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उनकी इस उपलब्धि से पूरे सिमुलतला क्षेत्र में खुशी का माहौल है। डॉ. साक्षी रानी ने इससे पहले बिहार के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान पीएमसीएच, पटना से नीट यूजी में बेहतर प्रदर्शन करते हुए एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी।
नीट यूजी के बाद नीट पीजी में भी सफलता हासिल करना उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित अध्ययन, सतत अभ्यास और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया।
छोटी बेटी भी स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी
गौरव की बात यह भी है कि परिवार की छोटी बेटी डॉ. स्वास्तिक आर्यन ने भी हाल ही में कोलकाता सीएनएमसीएच से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर चिकित्सा सेवा से जुड़ी हैं।
इससे परिवार में सफलता की खुशी दोगुनी हो गई है। अपनी सफलता पर डॉ. साक्षी रानी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, छोटी बहन डॉ. स्वास्तिक, भाई, गुरुजनों और स्वजनों के निरंतर सहयोग एवं आशीर्वाद को दिया।
ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाले माता-पिता के विश्वास को उन्होंने अपनी सफलता से सार्थक किया है। उनकी उपलब्धि पर स्वजन एवं क्षेत्र के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
