'जाति देखकर और पैसे के दम पर हो रही पोस्टिंग', जमुई पहुंचे RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार पर कसा तंज
मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने जमुई में मीडिया से बात करते हुए बिहार और केंद्र सरकार पर कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर निशाना साधा।

विधायक भाई वीरेंद्र। (जागरण)
HighLights
भाई वीरेंद्र ने बिहार-केंद्र सरकार पर जमकर साधा निशाना।
कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई पर सरकार को घेरा।
जाति-पैसे पर पोस्टिंग से व्यवस्था कमजोर होने का आरोप।
संवाद सहयोगी, जमुई। मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने रविवार को जमुई पहुंचकर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा।
जमुई, समस्तीपुर और बांका के मंदार पहाड़ समेत अन्य जगहों पर महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का इकबाल खत्म हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक पदों पर जाति और पैसे के आधार पर पोस्टिंग होने से व्यवस्था कमजोर होती है और अपराधियों व शराब माफिया से सांठगांठ को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने सरकार से जात-पात से ऊपर उठकर अधिकारियों की पोस्टिंग करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी।
'मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाए'
भाई वीरेंद्र ने युवाओं से भी महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते अपराध के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। मीडिया से सच दिखाने का आग्रह करते हुए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बिहार से दिल्ली तक आंदोलन किया जाएगा।
जमुई में हुई पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधी किसी जाति का नहीं होता। किसी भी अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘रील’ संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि प्रशासन का भय खत्म होने से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
यह भी पढ़ें- 'जमुई कांड के आरोपियों का हो एनकाउंटर', RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा- बिहार में कानून का राज खत्म हो गया
