झाड़फूंक से करा रहा था प्रसव, गई बच्चे की जान
जमुई। अंधविश्वास का एक और खेल प्रकाश में आया है। यहां झाड़फूंक के जरिये बेटा पैदा होने का स्वजनों को आश्वासन दिलाया।
जमुई। अंधविश्वास का एक और खेल प्रकाश में आया है। यहां झाड़फूंक के जरिये बेटा पैदा होने का स्वजनों को आश्वासन दिलाया। सदर थाना क्षेत्र के संकुरहा पंचायत अंतर्गत रतनपुर गांव में एक ओझा द्वारा गर्भवती महिला को झाड़फूंक कर प्रसव कराने की बात कही। इस दौरान बच्चे की मौत हो गई।
इससे आक्रोशित स्वजनों ने ओझा की जमकर पिटाई कर दी। उसके बाद ओझा के पक्ष के लोगों ने प्रसूता के पति की जमकर पिटाई कर दी जिससे दोनों घायलों को स्वजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। साथ ही प्रसूता को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घायल ओझा की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जलय गांव निवासी गोपाल चौधरी के रूप में हुई है, जबकि घायल प्रसूता के पति की पहचान सदर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी रोहन मांझी के रूप में हुई है। घायल रोहन ने बताया कि पत्नी काजल देवी को झाड़फूंक किया और इसके एवज में 1500 रुपये लिया था। लड़का पैदा होने के बाद 22,000 देने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा था कि डॉक्टर के पास प्रसव के लिए जाने की जरूरत नहीं है। झाड़-फूंक के जरिये प्रसव आसानी से हो जाएगा। मंगलवार को ओझा घर पर आ गया। और उस वक्त पत्नी अकेली थी। उससे जंतर देने के बहाने अंदर आया और प्रसव कराने लगा। रोहन मांझी ने बताया कि महिला आठ महीना के गर्भ से थी। इसी दौरान ओझा द्वारा जैसे-तैसे पेट दबाया गया। महिला चिल्लाते रही लेकिन ओझा पेट दबाते रहा। जब उसकी ननद दौड़कर आई तो ओझा भाग निकला। उसके बाद प्रसूता को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां बच्चा मृत पैदा हुआ।