विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एंबुलेंस के बाद अब 'डाक पार्सल' की गाड़ी में मिली शराब की खेप, जमुई में तस्करी के नए-नए पैतरें अपना रहे माफिया

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:59 AM (IST)

जमुई में उत्पाद विभाग ने 'डाक पार्सल' लिखे वाहन से 115 पेटी (2760 केन) बीयर जब्त की और चालक को गिरफ्तार किया।

बीयर की बड़ी खेप बरामद। फोटो जागरण

बीयर की बड़ी खेप बरामद। फोटो जागरण

HighLights

  1. डाक पार्सल' वाहन से 2760 केन बीयर जब्त।

  2. उत्पाद विभाग ने चालक को लोटन गांव से पकड़ा।

  3. शराब झारखंड के जसीडीह से बिहार शरीफ जा रही थी।

संवाद सहयोगी, जागरण/ जमुई। शराबबंदी वाले बिहार में शराब बंद नहीं हो पा रही है। तस्कर अलग-अलग तरीकों से नशे का कारोबार करने में जुटे हुए हैं। रविवार को एक एंबुलेंस से 460 केन बीयर (करीब 230 लीटर) की बड़ी खेप बरामद हुई थी। वहीं, आज सोमवार को डाक पार्सल लिखे गाड़ी से 115 पेटी 2760 पीस केन बीयर बरामद की गई है। 

गिरफ्तार चालक की पहचान गिरिडीह के सिरसिया गांव निवासी हरि सोनकार के पुत्र विनोद सोनकार के रूप में हुई है। यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार के निर्देश पर उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई है, जो उत्पाद विभाग के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इस कार्रवाई से अन्य शराब तस्करों के बीच दहशत फैली हुई है।

झारखंड से लाई गई थी शराब

उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि विभाग के सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के अलग-अलग जगहों पर शराब के विरुद्ध लगातार छापामारी अभियान चलाई जा रही है। इसी क्रम में लगातार दूसरी बार सूचना मिली कि झारखंड की ओर से शराब की खेप जमुई के रास्ते ले जाई जा रही है।

सूचना के बाद उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और चिन्हित ठिकानों पर गहन वाहन जांच किया गया। इस दौरान लोटन गांव के पास से डाक पार्सल लिखा एक गाड़ी की तलाशी ली गई।

इस दौरान गाड़ी से 115 कार्टून यानी 2760 पीस कैन बियर बरामद किया गया और चालक को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद बीयर का बाजार मूल्य करीब 8.5 लाख रुपया बताया जाता है।

चालक से पूछताछ के दौरान उसने शराब की खेप जसीडीह से बिहार शरीफ ले जाने की बात को स्वीकार किया है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।

चालक से शराब तस्करी से संबंधित पूछताछ जारी है। गाड़ी मालिक का भी पता लगाया जा रहा है। एफआईआर दर्ज कर चालक को जेल भेजा जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले मिलिट्री गाड़ी, प्रेस और जिला प्रशासन की गाड़ी से भी शराब पकड़ी जा चुकी है। रविवार को भी उत्पाद विभाग ने गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत बानाडीह के समीप घेराबंदी कर एक निजी एंबुलेंस से शराब बरामद कर दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया था।