हजारों साल पुरानी गुफाएं और अब रोपवे का सफर... दुनिया के नक्शे पर छाने को तैयार जहानाबाद का वाणावर
वाणावर की हजारों साल पुरानी पहाड़ियों और ऐतिहासिक विरासत को अब देश-दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी है। वाणावर महोत्सव 2026 ...और पढ़ें

दुनिया के नक्शे पर छाने को तैयार जहानाबाद का वाणावर (AI Generated Image)
HighLights
वाणावर महोत्सव 2026 के साथ पर्यटन विकास की तैयारी।
ऐतिहासिक गुफाओं के समीप इंटरप्रिटेशन सेंटर बनेगा।
दिसंबर 2026 तक रोपवे निर्माण का लक्ष्य निर्धारित।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। हजारों साल पुरानी सभ्यता, अद्भुत शिल्पकला और ऐतिहासिक विरासत को अपने आंचल में समेटे वाणावर की पहाड़ियों की पहचान अब देश-दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी है।
वाणावर महोत्सव-2026 को यादगार बनाने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
मकसद केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि वाणावर को ऐसा पर्यटन केंद्र बनाना है, जहां इतिहास, आध्यात्मिकता, प्रकृति और आधुनिक सुविधाओं का अनूठा संगम देखने को मिले।
इस दिशा में वाणावर की ऐतिहासिक गुफाओं के समीप इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाने की योजना है। इसके लिए पूर्व में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण भी किया जा चुका है।
यहां आने वाले पर्यटकों को गुफाओं के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।
इसके अलावा भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने, पर्यटकों के लिए सूचनात्मक एवं दिशासूचक साइनेज लगाने तथा वाणावर तक पहुंचने वाली सड़कों के चौड़ीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है।
रोपवे से आसान होगी पहाड़ियों की सैर, शटल बस भी चलेगी
वाणावर पर्यटन की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल रोपवे का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पर्यटकों के सुगम आवागमन के लिए शटल बस सेवा शुरू करने की भी योजना है।
वाणावर को बौद्ध पर्यटन सर्किट से जोड़ने की कार्य योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके लिए पर्यटन संवर्धन और समग्र विकास को लेकर समिति गठित करने की तैयारी है।
जहानाबाद रेलवे स्टेशन और टोल प्लाजा पर एलसीडी स्क्रीन लगाकर वाणावर के ऐतिहासिक स्थलों का प्रचार किया जाएगा। वहीं, होम स्टे पॉलिसी को प्रोत्साहित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इन प्रयासों से वाणावर की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की उम्मीद है।