घाटों पर किए गए थे सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम
सूर्योपासना का महान पर्व छठ को लेकर यहां के घाटों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हर स्थिति पर प्रशासन पुरी सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए था।
जहानाबाद । सूर्योपासना का महान पर्व छठ को लेकर यहां के घाटों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हर स्थिति पर प्रशासन पुरी सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए था। कई घाटों पर भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा पुलिस बल के साथ चौकीदारों को भी प्रतिनियुक्त की गयी थी। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल मिस्त्री घुम-घुमकर घाटों का जायजा लेते रहे। मखदुमपुर स्थित सूर्यमंदिर तथा धराउत के चनोखर पोखर समेत अन्य घाटों पर प्रशासन पूरी तरह चौकस दिखी। मंगलवार की शाम पहला अर्घ्य और बुधवार की सुबह दूसरे अर्घ्य के समय पुलिस कर्मी घाटों पर पुरी मुस्तैदी के साथ डटे थे। यहां बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा छठ पर्व को देखते हुए यहां के घाटों पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया था। पुलिस कर्मियों द्वारा घाटों तक जाने बाले रास्तों पर भी गश्त किया जा रहा था। छठ पर्व को लेकर टेहटा और मखदुमपुर पुलिस भी सक्रिय दिखी। नगर पंचायत स्थित घाटों पर प्रशासन द्वारा रौशनी तथा व्रतियों की सुविधाओं को देखते हुए कई इंतजाम किए गए थे। दूसरी और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी यहां के विभिन्न छठ घाटों पर लाईट की व्यवस्था की गयी थी ताकि छठव्रतियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो। रास्तों पर भी रोशनी की व्यवस्था की गयी थी।