सिंगापुर से दुबई जा रहे जहाज से लापता हुए जहानाबाद के प्रेमजीत, 6 दिन बाद भी सुराग नहीं; भारतीय दूतावास से मदद की गुहार
जहानाबाद के मोकिमपुर गांव निवासी मर्चेंट नेवी अधिकारी प्रेमजीत कुमार सिंगापुर से दुबई जा रहे जहाज से छह दिनों से लापता हैं। परिवार उनकी सुरक्षित वापसी के लिए शिपिंग कंपनी, मर्चेंट नेवी विभाग और भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगा रहा है।

मोकिमपुर गांव निवासी प्रेमजीत कुमार(फाइल फोटो)
HighLights
प्रेमजीत कुमार सिंगापुर-दुबई जहाज से छह दिन से लापता हैं।
जहाज पर 72 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन, पर कोई सुराग नहीं।
परिवार ने भारतीय दूतावास और शिपिंग कंपनी से मदद मांगी।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। हुलासगंज प्रखंड के मोकिमपुर गांव निवासी प्रेमजीत कुमार पिछले छह दिनों से लापता हैं। वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं और सिंगापुर से दुबई जा रहे एक जहाज पर तैनात थे।
उनसे संपर्क टूटने के बाद परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। उनकी पत्नी शोभा कुमारी पति की सलामती को लेकर बेहद परेशान हैं। वहीं, उनके तीनों बच्चे भी पिता के घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, प्रेमजीत कुमार से आखिरी बार शुक्रवार की रात करीब 11 बजे वीडियो कॉल पर बात हुई थी। इसके बाद से उनका मोबाइल संपर्क बंद हो गया। परिवार को उनकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पत्नी शोभा कुमारी ने बताया कि इस संबंध में उनकी जहाज पर तैनात विशाल राणा से बातचीत हुई थी।
72 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, नहीं मिला कोई सुराग
शोभा कुमारी के मुताबिक, विशाल राणा ने बताया कि प्रेमजीत की तलाश में जहाज पर 72 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। आशंका जताई जा रही है कि यात्रा के दौरान वह जहाज से समुद्र में गिर गए होंगे। हालांकि, इस संबंध में परिवार को अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
परिजन लगातार संबंधित लोगों से संपर्क कर रहे हैं और प्रेमजीत के बारे में किसी पुख्ता सूचना का इंतजार कर रहे हैं। परिवार को अब भी उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद है।
14 सितंबर को दिल्ली से सिंगापुर गए थे प्रेमजीत
पत्नी शोभा कुमारी ने बताया कि प्रेमजीत कुमार 14 सितंबर को दिल्ली एयरपोर्ट से सिंगापुर के लिए रवाना हुए थे। संयोग से उसी दिन शोभा ने पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए तीज का व्रत भी रखा था। उन्हें उम्मीद थी कि पति काम पर जाने के बाद सुरक्षित रहेंगे और उनसे नियमित बातचीत होती रहेगी।
शोभा के अनुसार, 15 सितंबर को प्रेमजीत ने सिंगापुर में सीएमएस कंपनी के जहाज पर ज्वाइन किया था। इसके बाद जहाज सिंगापुर से दुबई के लिए रवाना हुआ। इसी यात्रा के दौरान करीब छह दिन पहले उनसे संपर्क टूट गया।
पत्नी और तीन बच्चों को है सुरक्षित वापसी का इंतजार
प्रेमजीत कुमार के परिवार में पत्नी शोभा कुमारी के अलावा तीन बच्चे हैं। इनमें प्रेमांशु (19), प्रज्ञान (16) और प्रतीक (13) शामिल हैं। पति के लापता होने के बाद शोभा के सामने परिवार की जिम्मेदारी के साथ-साथ उनकी सलामती की चिंता भी है। बच्चे भी अपने पिता के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
परिजनों ने संबंधित शिपिंग कंपनी, मर्चेंट नेवी विभाग और भारतीय दूतावास से मामले में गंभीरता से पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि जहाज की स्थिति, प्रेमजीत के साथ हुई संभावित घटना और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी परिवार को उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल मोकिमपुर गांव में भी प्रेमजीत के लापता होने को लेकर चिंता है। परिवार उनकी सुरक्षित वापसी और किसी अच्छी खबर की उम्मीद कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।