जहानाबाद में जूते-चप्पल की आड़ में लाई जा रही एक ट्रक शराब जब्त, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
जहानाबाद पुलिस ने घोसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1021.50 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की और दो तस्करों को पकड़ा। ...और पढ़ें

एक ट्रक शराब जब्त
HighLights
घोसी पुलिस ने 1021.50 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
जूते-चप्पल और फ्रूटी के बीच छिपाई गई थी शराब।
दो तस्कर गिरफ्तार, ट्रक और क्रेटा कार जब्त।
संवाद सहयोगी, घोसी (जहानाबाद)। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में घोसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1021.50 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।
शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक और हुंडई क्रेटा कार को भी जब्त किया गया है। बरामद शराब की कुल संख्या 1719 बोतल बताई गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 20 लाख बताई जाती है। ट्रक में जूते-चप्पल और फ्रूटी के बीच छिपाकर विभिन्न ब्रांडों की शराब ले जाई जा रही थी।
शराब की खेप ले जाए जाने की सूचना मिली
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम करीब 6:05 बजे मद्यनिषेध विभाग, पटना से टेलीफोन के माध्यम से शराब की खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना में बताया गया था कि जहानाबाद से घोसी की ओर जाने वाले मार्ग पर नूरपुर गांव के समीप एक ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। ट्रक के साथ एक हुंडई क्रेटा कार भी चल रही थी।
पुलिसकर्मियों ने पीछा कर पकड़ा
सूचना मिलते ही घोसी थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी अंकित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। धामापुर-नूरपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक और कार को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद हुई।
दोनों आरोपित जिले के निवासी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान काको थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव निवासी अजीत कुमार और ओकरी थाना क्षेत्र के सरिस्ताबाद धामापुर निवासी मुन्ना कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए आरोपितों के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
