जहानाबाद: पटना-गया NH-22 पर एक दूसरे से टकराई तीन गाड़ियां, हाइवा ड्राइवर की मौत; 2 मिस्त्री गंभीर
जहानाबाद में पटना-गया NH-22 पर तीन वाहनों की टक्कर में एक हाइवा चालक की मौत हो गई और दो मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

NH-22 पर एक दूसरे से टकराई तीन गाड़ियां
HighLights
पटना-गया NH-22 पर तीन वाहनों की टक्कर।
हाइवा चालक रोहित कुमार की मौके पर मौत।
दो मिस्त्री गंभीर रूप से घायल, पीएमसीएच रेफर।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। मखदुमपुर थाना क्षेत्र में पटना- गया एनएच-22 पर प्लेया गांव के पास बुधवार की सुबह तीन गाड़ियां एक दूसरे से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची मखदुमपुर थाने की पुलिस ने जेसीबी के सहयोग से सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
मृतक की पहचान नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र परासी गांव निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। जबकि घायलों में बालमुकुंद कुमार, फिरोज आलम शामिल है। बालमुकुंद मखदुमपुर के ही निवासी हैं जबकि फिरोज आलम झारखंड के गोड्डा का निवासी बताया जाता है।
हाइवा ने ट्रक में पीछे से टक्कर मारी
गया से पटना की ओर जा रहा सरिया लदा 14 चक्का ट्रक खराब होकर रात से ही सड़क पर बंद पड़ा था, जिसे ठीक करने के लिए सुबह पिकअप बोलेरो सवार कुछ मिस्त्री वहां पहुंचे थे। इसी बीच पीछे से एक हाइवा आ रहा था, जो छड़ लदे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दिया।
भीषण टक्कर की चपेट में बोलेरो भी आ गई। हादसे में हाइवा चालक की मौत हो गई ,जबकि खराब ट्रक बना रहे दो मिस्त्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों घायलों को सदर अस्पताल जहानाबाद से प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।