नीट छात्रा मौत केस: SIT पर पिता के गंभीर आरोप, न्याय नहीं मिलने पर कठोर कदम उठाने की चेतावनी
पटना के एक हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत के मामले में पिता एसआईटी जांच से असंतुष्ट हैं। उन्होंने जांच टीम पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया और सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग की है। न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी। मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित हुए हैं और अब सीआईडी भी जांच में शामिल हो गई है, जबकि डीएनए प्रोफाइलिंग जारी है।

नीट छात्रा मौत मामले में जांच करती पुलिस। फाइल फोटो
HighLights
पिता ने की न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग
डिजिटल डेस्क, जहानाबाद। पटना के एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।
सरकार की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि विशेष जांच टीम (एसआईटी) भी लगातार कार्रवाई कर रही है।
हालांकि, अब तक की जांच और कार्रवाई से मृत छात्रा के पिता संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मौजूदा जांच प्रक्रिया से उन्हें भरोसा नहीं है।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
मीडिया से बातचीत में छात्रा के पिता ने एसआईटी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि एसआईटी की टीम बार-बार उनके घर पहुंच रही है और दो बार पूछताछ कर चुकी है।
उनका आरोप है कि जांच टीम उन्हें ही प्रताड़ित कर रही है और यह कहा जा रहा है कि वे लोग ही अपराधी हैं। उन्होंने बताया कि दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की सूचना उन्हें मिली है, लेकिन जब तक उन्हें पूर्ण न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह मानेंगे कि जांच प्रक्रिया बाधित है।
उन्होंने दोहराया कि दोषी हॉस्टल प्रबंधन ही है और हॉस्टल, अस्पताल व पुलिस की मिलीभगत से उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है।
उल्लेखनीय है कि छात्रा की मौत की गुत्थी अब तक पूरी तरह सुलझ नहीं पाई है। शुरुआत में पुलिस ने यौन हिंसा से इनकार किया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को अपना रुख बदलना पड़ा। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और सरकार से लेकर पुलिस तक हरकत में आ गई।
वर्तमान में एफएसएल की जैविक जांच में मिले साक्ष्यों का डीएनए प्रोफाइल तैयार कराया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त से भी डीएनए का मिलान कराया जाएगा।
इस मामले में चित्रगुप्तनगर थाना प्रभारी रोशनी कुमारी और कदमकुआं के अपर थानाध्यक्ष को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, अब जांच में सीआईडी की भी एंट्री हो चुकी है।