माले ने लगाया पुलिस पर मारपीट किए जाने का आरोप
जहानाबाद। भाकपा माले लिबरेशन की जिला इकाई ने कड़ौना ओपी की पुलिस पर मांदे बिगहा महादलित टोले पर रहने वाले लोगों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
जहानाबाद। भाकपा माले लिबरेशन की जिला इकाई ने कड़ौना ओपी की पुलिस पर मांदे बिगहा महादलित टोले पर रहने वाले लोगों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रखंड सचिव दिनेश दास ने कहा कि पुलिस रविवार को अचानक उस टोले पर पहुंच गई। उनलोगों ने नौजवानों के साथ ही अन्य पुरूष-महिला के साथ ही छोटी बच्ची की बुरी तरह से पिटाई की। इतना ही नहीं बूढ़ों को भी नहीं बख्शा गया। माले नेता ने कहा कि पुलिस छह-सात पुरूषों को पकड़कर थाना ले गई। उन्होंने कहा कि यदि वे लोग नहीं भागते तो कई लोगों की मौत भी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि एक माह पहले प्रशासन के लोग वहां शराब बरामद करने के नाम पर गए थे। उनलोगों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इसके कारण दोनो ओर से कहा सुनी हुई थी। परिणामस्वरूप प्रशासन के लेागों को वापस लौटना पड़ा था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महादलितों के उत्थान की बात करते हैं लेकिन उलटे गरीब महादलित महिला तथा पुरूष पर पुलिस के लोग लाठियां चटका रहे हैं। इधर ओपी अध्यक्ष अवधेश चौधरी ने मारपीट किए जाने की घटना को खारिज करते हुए कहा कि वहां के कुछ लेागों पर वारंट निर्गत था। उन्होंने कहा कि पांच लोगों को पकड़कर थाना लाया गया था जिसमें दो लोगों को जेल भेजा गया जबकि तीन लोगों को पीआर पर छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि उस टोले पर रहने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट नहीं की गई है।