जहानाबाद के 3 पुलों पर लगेगा टोल बैरियर, निर्माण की प्रक्रिया शुरू
जहानाबाद जिले में अब 250 मीटर से अधिक लंबे तीन प्रमुख पुलों पर व्यावसायिक और भारी वाहनों से यूजर फीस ...और पढ़ें

जहानाबाद के तीन पुलों पर लगेगा टोल टैक्स, व्यावसायिक वाहनों से होगी वसूली (AI Generated Image)
HighLights
जहानाबाद के तीन पुलों पर यूजर फीस वसूली जाएगी।
व्यावसायिक और भारी वाहनों से टोल टैक्स लिया जाएगा।
निजी वाहनों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट मिलेगी।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। अब पुलों से गुजरना व्यावसायिक और भारी वाहनों के लिए खर्चीला होने वाला है। नई व्यवस्था में 250 मीटर से अधिक लंबे चयनित पुलों पर यूजर फीस यानी टोल टैक्स वसूला जाएगा। इस दिशा में जहानाबाद जिले में भी तैयारी शुरू हो गई है।
जिले के तीन प्रमुख पुलों पर टोल टैक्स वसूली के लिए प्लेटफॉर्म निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें जहानाबाद-हुलासगंज मुख्य मार्ग का सुकियामा पुल, मखदुमपुर-सोनवां-हुलासगंज पथ का वंशी बिगहा पुल और घोसी-हुलासगंज पथ का दरियापुर पुल शामिल है।
राज्य सरकार ने गत एक जुलाई को बिहार पथ उपयोगकर्ता शुल्क नियमावली को मंजूरी दी थी। इसके तहत अधिक यातायात दबाव वाले मार्गों और 250 मीटर से अधिक लंबे पुलों को शुल्क वसूली के लिए चिह्नित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के तीनों पुलों का चयन किया गया है।
दो जगह निर्माण शुरू, सुकियामा में वन विभाग की अड़चन
तीनों स्थानों पर टोल नाका निर्माण की योजना बनाई गई थी। वंशी बिगहा और दरियापुर में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। सुकियामा पुल के समीप टोल नाका के लिए चयनित जमीन को वन विभाग ने अपनी भूमि बताते हुए एनओसी देने से मना कर दिया।
इस कारण वहां फिलहाल निर्माण कार्य रोकना पड़ा है। शेष दोनों स्थानों पर लगभग दो माह में प्लेटफार्म तैयार करने का लक्ष्य है। इन टोल नाकों का स्वरूप राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने बड़े टोल प्लाजा से अलग होगा। यहां एक-दो कमरे और बैरियर लगाए जाएंगे।
इन्हीं स्थानों पर बैठकर शुल्क की वसूली की जाएगी। इसके लिए निजी एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पुलों की नीलामी के माध्यम से एजेंसियों का चयन किया जाएगा।
निजी वाहनों को राहत, डिजिटल भुगतान की भी होगी सुविधा
नई व्यवस्था में निजी वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त रखने का प्रविधान है। मुख्य रूप से व्यावसायिक और भारी वाहनों से शुल्क वसूला जाएगा। टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों को रियायती पास जारी किए जाएंगे। वार्षिक पास की सुविधा भी मिलेगी।
शुल्क भुगतान के लिए डिजिटल और आटोमैटिक व्यवस्था के साथ कैश काउंटर भी उपलब्ध रहेगा। विभागीय स्तर पर वर्ष 2027 से टोल टैक्स वसूली शुरू होने का अनुमान है।
सुकियामा, वंशी बिगहा और दरियापुर में टोल नाका निर्माण की पहल की गई थी। वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण सुकियामा में काम बंद है, जबकि अन्य दोनों जगहों पर निर्माण कार्य जारी है। एनओसी मिलते ही सुकियामा में भी काम शुरू होगा। - प्रतीक कुमार, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।