विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद में SP को बुके की जगह थमा दी फूलगोभी! ऐसा अनोखा स्वागत देख हैरान रह गए साहब, बोले- अरे... यह क्या?

By dhiraj kumarEdited By: Radha Krishna
Published: Thu, 05 Nov 2026 11:04 AM (IST)

जहानाबाद के कायनात विद्यालय में एसपी कोटा किरण कुमार का स्वागत फूलों के गुलदस्ते की जगह ताजी फूलगोभी से किया ...और पढ़ें

बुके नहीं, फूलगोभी देखकर SP भी रह गए हैरान

बुके नहीं, फूलगोभी देखकर SP भी रह गए हैरान

HighLights

  1. एसपी कोटा किरण कुमार का फूलगोभी से स्वागत हुआ।

  2. यह पहल पर्यावरण संरक्षण और सादगी का संदेश देती है।

  3. बच्चों ने तनाव जागरूकता कार्यक्रम में एसपी से बातचीत की।

जागरण संवाददाता, पटना। Jehanabad News: बिहार के जहानाबाद में एक स्कूल का अनोखा स्वागत समारोह चर्चा का विषय बन गया। यहां एसपी कोटा किरण कुमार के सम्मान में न फूलों का गुलदस्ता था, न शॉल और न ही कोई महंगा मोमेंटो। स्कूल के डायरेक्टर ने उन्हें ताजी फूलगोभी थमा दी।

अचानक मिले इस अनोखे सम्मान को देखकर एसपी भी चौंक गए। लेकिन इस फूलगोभी के पीछे छिपा संदेश जानकर आप भी स्कूल की पहल की तारीफ करेंगे।

आमतौर पर किसी बड़े अधिकारी के स्कूल या संस्थान में पहुंचने पर फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया जाता है। कई बार महंगे उपहार और स्मृति चिह्न भी भेंट किए जाते हैं। लेकिन बिहार के जहानाबाद में एक स्कूल ने इस परंपरा को ही नया मोड़ दे दिया।

यहां मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस अधीक्षक को फूलों की जगह सब्जी से सम्मानित किया गया। यह नजारा देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी उत्सुक हो गए।

बुके नहीं, फूलगोभी देखकर SP भी रह गए हैरान

मामला जहानाबाद जिले के काको प्रखंड स्थित कायनात विद्यालय का है। यहां स्ट्रेस अवेयरनेस यानी तनाव जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। विद्यालय के डायरेक्टर शकील काकवी ने उनके स्वागत के लिए एक अलग ही तरीका चुना।

जैसे ही सम्मान के लिए एसपी को फूलगोभी भेंट की गई, वह भी हैरान रह गए। उनके मुंह से अचानक निकला- 'अरे! यह क्या?' दरअसल, यह कोई मजाक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सादगी का संदेश देने की एक सोची-समझी पहल थी।

फूलगोभी के बहाने स्कूल ने दिया बड़ा संदेश

स्कूल प्रबंधन का मानना है कि स्वागत के नाम पर दिए जाने वाले फूलों के गुलदस्ते कुछ समय बाद बेकार हो जाते हैं। इसके बजाय ऐसी चीजें भेंट की जानी चाहिए, जिनका वास्तविक जीवन में इस्तेमाल हो सके। इसी सोच के साथ एसपी को ताजी फूलगोभी दी गई।

विद्यालय के डायरेक्टर शकील काकवी ने बताया कि उनकी कोशिश पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ जीवनशैली और प्रकृति के प्रति सम्मान की संस्कृति को बढ़ावा देना है।

उनका कहना था कि किसी भी आयोजन का उद्देश्य सिर्फ औपचारिकता निभाना नहीं, बल्कि समाज को कोई सकारात्मक संदेश देना भी होना चाहिए।

बच्चों के सवालों का SP ने दिया जवाब, खुद बनाए कार्टून

कार्यक्रम सिर्फ अनोखे स्वागत तक सीमित नहीं रहा। यहां बच्चों के साथ एसपी का इंटरैक्टिव सेशन भी आयोजित किया गया। तनाव से जुड़े विषयों पर बच्चों ने सवाल पूछे और एसपी ने उनसे बातचीत की। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में कई तरह की गतिविधियां भी आयोजित की गईं। खास बात यह रही कि एसपी कोटा किरण कुमार ने बच्चों के साथ संवाद करने के अलावा कार्टून भी बनाए। बच्चों की गतिविधियों और उनकी प्रतिभा को देखकर एसपी काफी प्रभावित नजर आए।

'बच्चों की प्रतिभा देखकर बहुत अच्छा लगा'

एसपी कोटा किरण कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन स्ट्रेस अवेयरनेस पर आधारित था। यहां बच्चों की प्रतिभा देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। अलग-अलग गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी शानदार रही।

फूलगोभी से सम्मानित किए जाने पर उन्होंने कहा कि आमतौर पर कार्यक्रमों में पुष्पगुच्छ, शॉल या मोमेंटो दिया जाता है, लेकिन यहां कुछ अलग देखने को मिला।

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी अपनी सोच रहती है कि फूलों के गुलदस्ते की जगह किताब और कॉपी जैसी उपयोगी चीजें देकर सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि सम्मान में दी गई वस्तु किसी के काम भी आ सके।

एक फूलगोभी ने बदल दी स्वागत की परिभाषा!

कायनात विद्यालय की यह पहल एक साधारण स्वागत समारोह से आगे बढ़कर पर्यावरण संरक्षण और उपयोगिता का संदेश देने वाली बन गई।

जहां आमतौर पर बुके और मोमेंटो कुछ समय बाद रखे रह जाते हैं, वहीं फूलगोभी का इस्तेमाल भोजन के रूप में किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।