विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद: बिना हाथ धोए खाना परोसने पर हैवान बना देवर, भाभी का सिर काटकर गांव के पेड़ पर टांगा

By Manoj Kumar NarayanEdited By: Rajat Mourya
Published: Wed, 29 Jul 2026 05:15 PM (IST)

जहानाबाद के इमादपुर गांव में मामूली विवाद में देवर ने अपनी भाभी अंशु कुमारी की कटारी से निर्मम हत्या कर ...और पढ़ें

बिना हाथ धोए खाना परोसने पर हैवान बना देवर, भाभी का सिर काटकर गांव के पेड़ पर टांगा

बिना हाथ धोए खाना परोसने पर हैवान बना देवर, भाभी का सिर काटकर गांव के पेड़ पर टांगा

HighLights

  1. देवर ने मामूली विवाद में भाभी की निर्मम हत्या की।

  2. आरोपी ने सिर काटकर पेड़ पर टांगा, गांव में दहशत।

  3. पुलिस ने आरोपी कुणाल को घटनास्थल से तुरंत गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। परस बीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत इमादपुर गांव में बुधवार सुबह मामूली विवाद में देवर ने अपनी 22 वर्षीय भाभी अंशु कुमारी की चारा काटने वाली कटारी से निर्मम हत्या कर दी। आरोपित ने पहले भाभी का सिर धड़ से अलग कर दिया और फिर उसे हाथ में लेकर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बरगद के पेड़ पर टांग दिया।

इस वीभत्स घटना से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई। मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार बुधवार सुबह खेत में धान का बिचड़ा उखाड़ने गए थे। माता-पिता भी खेत में काम करने निकले हुए थे। घर पर अंशु कुमारी अकेली खाना बना रही थी।

इसी दौरान देवर कुणाल घर पहुंचा और खाना मांगा। अंशु ने उसे खाना परोस दिया। हाथ धोकर खाना नहीं परोसने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुणाल ने पास में रखी चारा काटने वाली कटारी से अंशु पर हमला कर दिया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।

घटना के बाद आरोपित सिर को हाथ में लेकर घर से बाहर निकला और आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बरगद के पेड़ पर टांग दिया। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर वह सिर को वापस घटनास्थल पर शव के पास रखकर वहीं बैठ गया।

सूचना पर इंस्पेक्टर सर्वनारायण पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपित कुणाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कटारी भी बरामद कर ली है। पति धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह घटना के समय खेत में काम कर रहे थे और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी।

घटना की सूचना मृतका के मायके अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव भेजी गई। सूचना मिलते ही मृतका की मां और अन्य स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व ही अंशु की शादी धर्मेंद्र कुमार से हुई थी। दामाद अपनी पत्नी को देवर या अन्य लोगों से बातचीत करने से मना करते थे।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित कुणाल प्रतिदिन पुलिस बहाली की तैयारी के लिए सुबह दौड़ लगाता था। हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि वह नशा करने का आदी था। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ सैंपल इकट्ठा की है। वट वृक्ष की एक टहनी जिसमें खून लगा था उसे भी काट कर साथ लेकर गया है।