विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद में बाढ़ के पानी ने ली बुजुर्ग की जान, 10 दिनों में 7 लोगों की डूबने से मौत

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:24 AM (IST)

जहानाबाद के रतनी फरीदपुर प्रखंड में बाढ़ के पानी से जलस्तर बढ़ने के कारण डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही ...और पढ़ें

बुजुर्ग की डूबने से मौत। फोटो जागरण

बुजुर्ग की डूबने से मौत। फोटो जागरण

HighLights

  1. रतनी फरीदपुर में बाढ़ से जलस्तर बढ़ा, घटनाएं बढ़ीं।

  2. दस दिनों में सात लोगों की डूबने से मौत हुई।

  3. भोज से लौट रहे बुजुर्ग रामाशीष यादव की मौत।

संवाद सूत्र, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ का पानी आने के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ने से पइन, खेत और निचले इलाकों में पानी भर गया है। पानी में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

पिछले दस दिनों में रतनी फरीदपुर प्रखंड क्षेत्र में सात लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। इन घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। किसी ने अपना सुहाग खोया तो किसी परिवार को संतान की मौत का गम सहना पड़ा।

सोमवार की रात झुनाठी थाना क्षेत्र के मुस्तिचक गांव निवासी 65 वर्षीय रामाशीष यादव की डूबने से मौत हो गई। वह जयकरण बिगहा गांव में भोज खाने गए थे। भोज खाने के बाद रात्रि में अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान पइन पर बने पुल को पार करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। पानी में गिरने के बाद झाड़ी में उनका कपड़ा फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

मुस्तिचक गांव के कुछ अन्य लोग भी भोज खाने के लिए जयकरण बिगहा गए थे। लौटने के दौरान लोगों की नजर रामाशीष यादव पर पड़ी।

ग्रामीणों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।

बाढ़ के पानी ने पिछले दस दिनों में कई परिवारों को उजाड़ दिया है। गुलाबगंज गांव निवासी बसमतिया देवी, चिकसौरा गांव निवासी राजबल्लभ उर्फ यशराज, जहांगीरपुर गांव निवासी आलोक कुमार, मलहचक गांव निवासी ललिता देवी, पंडौल गांव निवासी मनोज मांझी तथा सदर प्रखंड के गोपालपुर गांव निवासी राजीव कुमार की भी पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। बाढ़ के कारण पइन, खेत और रास्तों में पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर में रेल पटरी पार कर स्टेशन जा रहा था परिवार, दोनों ओर से आ गईं ट्रेन; 2 लोगों की मौत