भागलपुर में रेल पटरी पार कर स्टेशन जा रहा था परिवार, दोनों ओर से आ गईं ट्रेन; 2 लोगों की मौत
अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, ...और पढ़ें

गंभीर हालत में बच्चे को ले जाते आरपीएफ के हवलदार। जागरण
HighLights
अकबरनगर में रेल हादसे में दो की मौके पर मौत।
एक ही परिवार का बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ।
डायल 112 टीम पर कार्रवाई न करने का आरोप।
संवाद सूत्र, अकबरनगर (भागलपुर)। अकबरनगर रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को दर्दनाक दुर्घ में एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं और भागलपुर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने अकबरनगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
बताया गया कि तीनों डाउन लाइन की पटरी पर पैदल स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही देवघर मेमू एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गए। इसी समय अप लाइन से एक मालगाड़ी जमालपुर की ओर जा रही थी।

रेल लाइन पर जुटी भीड़। जागरण
दोनों ओर से ट्रेन आने के कारण उन्हें संभलने या पटरी से हटने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। हादसे में पुरुष और महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
वहीं बच्चे को आरपीएफ कर्मी पालस कुमार हालदार ने गोद में उठाकर तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया। बच्चे की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। रेलवे पुलिस और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है।
लाश सामने थी, लौट गई डायल 112 की टीम
सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम में दो महिला गार्ड, एक पुरुष गार्ड और चालक शामिल थे। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने रेलवे ट्रैक पर पड़े शवों को देखा, लेकिन आरोप है कि शव को वहीं छोड़कर बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि हादसे के बाद तत्काल पुलिसिया कार्रवाई, शवों की पहचान और घायल बच्चे की मदद जरूरी थी। ऐसे में डायल 112 की टीम के मौके से लौट जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
