जाप समर्थकों ने फूंका पीएम व गृह मंत्री का पुतला
नागरिक संशोधन विधेयक के विरोध में शुक्रवार को जनाधिकार पार्टी के समर्थकों ने स्थानीय अस्पताल मोड़ के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया।
जहानाबाद। नागरिक संशोधन विधेयक के विरोध में शुक्रवार को जनाधिकार पार्टी के समर्थकों ने स्थानीय अस्पताल मोड़ के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। इसके पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार यादव के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। मार्च में शामिल लोग सरकार विरोधी नारे लगाते हुए मुख्य मार्ग से अस्पताल मोड़ पहुंचे जहां पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक संविधान के धारा 14 का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार धार्मिक भेदभाव की नीति अपनाकर संविधान की मुल अवधारणा को कमजोर करने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश की एकता अखंडता पर खतरा उत्पन्न होने लगा है। महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। लोगों का भरोसा अब सरकार पर नही रह गया है। बढ़ती महंगाई के कारण आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। दिन प्रतिदिन बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। मौके पर राजेश दास, कमला सिंह, रामबाबू यादव, अजय यादव, मालती देवी, मनीष कुशवाहा, सूर्यदेव प्रसाद, सत्येंद्र यादव, संजय यादव, सुखदेव प्रसाद, राकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।