यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पूर्व मुखिया के भाई की गोली मारकर हत्या
मखदुमपुर थाना क्षेत्र के टेहटा ओपी अंतर्गत सरेण गांव में मंगलवार की देर शाम सशस्त्र अपराधियों ने पूर्व मुखिया के ...और पढ़ें

अपराधियों ने घर में घुसकर घटना को दिया अंजाम
पिछले साल पूर्व मुखिया को भी मारी गई थी गोली
जहानाबाद
मखदुमपुर थाना क्षेत्र के टेहटा ओपी अंतर्गत सरेण गांव में मंगलवार की देर शाम सशस्त्र अपराधियों ने पूर्व मुखिया के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलते ही टेहटा ओपी अध्यक्ष शाहिद असलम ने दल बल के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया। मृतक पश्चिमी सरेण पंचायत के पूर्व मुखिया दिनेश यादव उर्फ डाक्टर बाबू का छोटा भाई सुनील यादव 46 वर्ष बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक दिनेश का अपने ही गांव के लोगों के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। पिछले साल पूर्व मुखिया दिनेश को भी गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था। बताया जाता है कि सुनील अपने घर में था तभी तीन की संख्या में हथियारबंद अपराधी उसके घर में घुस गए। जैसे ही उसे घर में अपराधियों की घुसने की जानकारी मिली वह घर के अंदर से आंगन में चला आया। फिर क्या था अपराधियों द्वारा उसके शरीर में ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दी गई जिसके कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर सरेण गांव में दो गुटों के बीच भीषण तनाव एवं दहशत का वातावरण कायम हो गया है। हालांकि अब तक इस सिलसिले में प्राथमिकी नहीं दर्ज कराई गई है।