विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद में रेलवे ट्रैक के किनारे मिला फाइनेंस कंपनी के मैनेजर का सिर कटा शव, पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल्स

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:29 AM (IST)

जहानाबाद में एक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर सौरभ कुमार का सिर कटा शव रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ है। ...और पढ़ें

ट्रैक के किनारे मिला फाइनेंस कंपनी के मैनेजर का सिर कटा शव (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ट्रैक के किनारे मिला फाइनेंस कंपनी के मैनेजर का सिर कटा शव (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. जहानाबाद में रेलवे ट्रैक किनारे मिला फाइनेंस मैनेजर का सिर कटा शव।

  2. मृतक सौरभ कुमार की पहचान, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।

  3. घटनास्थल से बरामद मोबाइल से सिम गायब, पुलिस जांच में जुटी।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले के परसबिगहा व भेलावर थाना क्षेत्र की सीमा पर नौरु गांव के समीप मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का सिर धड़ से अलग था और उसकी स्कूटी रेलवे ट्रैक के किनारे गिरी पड़ी थी। 

युवक की पहचान शहर के लाल मंदिर निवासी विजय सिंह के 35 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गई, जो मुजफ्फरपुर जिले में बजाज फाइनेंस कंपनी के मैनेजर पद पर कार्यरत थे। सोमवार की शाम वह मुजफ्फरपुर से जहानाबाद पहुंचे थे। 

दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकला

शाम 7:30 बजे दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे, करीब आधे घंटे बाद जब स्वजन ने फोन किया तो उनका मोबाइल बंद मिला, जिसके बाद अनहोनी की आशंका पर  परिवार के सदस्य खोजबीन में  जुटे थे। मंगलवार की सुबह शव बरामद हुआ। 

स्वजन ने युवक की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने की आशंका जताई है। स्वजन की इस आशंका पर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल से बरामद उसके मोबाइल में कोई सिम नहीं पाया गया है। पुलिस उसका मोबाइल खंगाल कर घटना का सच जानने में जुट गई है। 

भेलावर थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर सौरभ की स्कूटी बरामद हुई है। स्वजन के अनुसार सौरभ कुमार मुजफ्फरपुर में बजाज फाइनेंस कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। 

मोबाइल में लगा सिम गायब

सोमवार की शाम वह गांधी मैदान स्थित अपने दोस्त से मिलने की बात कहकर स्कूटी से घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने खोजबीन शुरू की। मंगलवार की सुबह किसी व्यक्ति ने फोन कर रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से सौरभ का मोबाइल बरामद किया है, लेकिन उसमें लगा सिम गायब है। इससे मामला और उलझ गया है। 

स्वजन का कहना है कि सौरभ की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसकी पत्नी और एक मासूम बेटी धनबाद में रहती है, जिन्हें घटना की सूचना दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- जहानाबाद में बिजली कर्मी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग, छाती और बांह में गोली लगने के बाद PMCH रेफर