विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद: 20 साल पहले बना स्टेडियम बदहाल, सीढ़ियों पर उगे पेड़-पौधे और छत से करकट गायब

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:38 PM (IST)

जहानाबाद के शकूराबाद स्थित 20 साल पुराना स्टेडियम बदहाली का शिकार है, जिसकी इमारत जर्जर हो चुकी है और छत से करकट गायब है।

20 साल पहले बना स्टेडियम बदहाल

20 साल पहले बना स्टेडियम बदहाल

HighLights

  1. 20 साल पुराना शकूराबाद स्टेडियम बदहाली का शिकार, मरम्मत की दरकार।

  2. भवन जर्जर, छत से करकट गायब, खिड़की-दरवाजे भी टूटे हुए।

  3. खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉकर्स को बारिश में होती है परेशानी।

संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर। सदर प्रखंड के गोनवा पंचायत अंतर्गत शकूराबाद स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान में करीब 20 वर्ष पूर्व निर्मित स्टेडियम इन दिनों बदहाली का शिकार है। 

खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस स्टेडियम का भवन जर्जर हो चुका है। बरामदे की छत से करकट गायब है, वहीं खिड़की और दरवाजे टूटकर नष्ट हो गए हैं। दर्शक दीर्घा की सीढ़ियों पर पेड़-पौधे उग आने से स्टेडियम की दुर्दशा साफ झलकती है।

बारिश में ठहरने की भी नहीं है सुविधा

स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए दो कमरे और एक बरामदे का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य खेल प्रतियोगिताओं के दौरान लोगों को बैठने और बारिश से बचने की सुविधा देना था। 

लेकिन रखरखाव के अभाव में भवन की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि हल्की बारिश में भी सुरक्षित ठहरना मुश्किल है। छत से करकट गायब होने के कारण पानी सीधे भवन के अंदर पहुंच जाता है।

मॉर्निंग वॉक करने वालों को भी परेशानी

कोरोना काल के बाद स्वास्थ्य के प्रति बढ़ी जागरूकता के चलते सुबह बड़ी संख्या में लोग मैदान में टहलने और व्यायाम करने पहुंचते हैं। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए भी यह मैदान महत्वपूर्ण है। 

लेकिन भवन की जर्जर स्थिति के कारण बारिश होने पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। दर्शक दीर्घा की सीढ़ियों पर उगे पेड़-पौधों से बैठने की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

मरम्मत से लौट सकती है रौनक

स्थानीय स्तर पर खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निर्मित यह स्टेडियम उचित देखरेख के अभाव में अनुपयोगी होता जा रहा है। भवन की मरम्मत, छत पर करकट लगाने, खिड़की-दरवाजों को दुरुस्त करने और सीढ़ियों की सफाई कराने से स्टेडियम फिर उपयोगी बन सकता है। 

इससे खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और सुबह टहलने आने वाले लोगों को राहत मिलेगी। अब लोगों को संबंधित विभाग की पहल और स्टेडियम के जीर्णोद्धार का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- किसानों को 2461 रुपये प्रति क्विंटल तक मिलेगा भाव, जहानाबाद में 15 नवंबर से शुरू होगी धान की खरीद