छठ व्रत करने गए सैप जवान के घर से लाखों की चोरी
एक ओर जहां सभी श्रद्धालु छठ व्रत करने में लगे हुए थे। निर्जला रहकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर रहे थे। कोई अपने घर के छत पर ही अर्घ्य दे रहे थे तो कोई नदी तथा सरोवरों में स्नान कर अर्घ्य अर्पित कर रहे थे।
जहानाबाद । एक ओर जहां सभी श्रद्धालु छठ व्रत करने में लगे हुए थे। निर्जला रहकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर रहे थे। कोई अपने घर के छत पर ही अर्घ्य दे रहे थे तो कोई नदी तथा सरोवरों में स्नान कर अर्घ्य अर्पित कर रहे थे। पूरे जोश खरोश के साथ लोग इस पर्व को मनाने में लगे हुए थे तो चोर भी अपने उद्देश्यों को सफल बनाने को लेकर इसे ही सुनहरा मौका चुन लिया था। वे लोग इस बात का टोह लगाने में लगे थे कि किस घर के लोग अपने घर में ताले जड़ बाहर छठ व्रत करने जा रहे हैं। वे लोग इस प्रयास में भी थे कि किस बंद मकान में आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दिया जा सकता है। इसी प्रकार की घटना सोमवार की रात स्थानीय कालीनगर मुहल्ले के एक सैप जवान के घर घटी। वह अपने परिवार के लोगों के साथ अर्घ्य अर्पित करने के लिए बाहर गया हुआ था। मकान में ताला लगा हुआ था। सेना की नौकरी से सेवानिवृति के बाद वह झारखंड में बतौर सैप का जवान कार्यरत है। छठ के मौके पर तो वह भी घर आया था लेकिन अर्घ्य अर्पित करने को लेकर मेले में चला गया था। इस सिलसिले में सैप जवान सुदामा प्रसाद के पुत्र के बयान के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सुदामा अपने परिवार के लोगों के साथ छठ व्रत को लेकर बाहर गया हुआ था। घर में ताले लटके हुए थे। सोमवार की रात चोर उसके मकान के अंदर प्रवेश कर गए। उनलोगों ने गोदरेज को तोड़कर 30 हजार नकदी सहित तकरीबन पांच लाख रुपए की संपति की चोरी कर ली। मंगलवार को सवेरे जब आसपास के लोगों ने ताला टूटा हुआ देखा तो उनलोगों ने उन्हें इसकी जानकारी दी। इस दौरान आलमीरे के साथ ही कई बक्शे भी टूटे हुए थे।