विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद: दरधा नदी में कचरा फेंकने वालों पर रहेगी कैमरे की नजर, स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई

Published: Wed, 23 Sep 2026 01:23 PM (IST)

जहानाबाद नगर परिषद ने दरधा नदी में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए जाफरगंज पुल के पास सीसीटीवी ...और पढ़ें

स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई

स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई

HighLights

  1. दरधा नदी में कचरा फेंकने पर सीसीटीवी से निगरानी।

  2. जाफरगंज पुल के पास लगाए गए निगरानी कैमरे।

  3. नदी को स्वच्छ रखने की अपील वाला बोर्ड भी लगा।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। शहर के बीचों बीच बहने वाली दरधा नदी को कचरे से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने अब निगरानी का नया तरीका अपनाया है। नदी में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए मंगलवार को जाफरगंज पुल के समीप सीसीटीवी लगाए गए। साथ ही लोगों को नदी को स्वच्छ रखने का संदेश देने वाला अपील बोर्ड भी लगाया गया है। 

अब नदी किनारे कचरा फेंकने वालों की गतिविधियां कैमरे में कैद होंगी और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकेगी। दरधा नदी के किनारे लंबे समय से घरेलू कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट फेंके जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। इससे नदी की स्वच्छता प्रभावित होने के साथ आसपास का वातावरण भी खराब हो रहा है। 

निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया

नगर परिषद ने इस समस्या पर लगाम लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया है। जाफरगंज पुल के पास लगाए गए बोर्ड के जरिए लोगों से स्पष्ट अपील की गई है कि वे नदी में किसी भी प्रकार का कचरा न डालें। 

नगर परिषद का मानना है कि केवल सफाई अभियान चलाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए लोगों की आदत में बदलाव और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक जरूरी है। 

नदी किनारे निगरानी बढ़ेगी

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार ने कहा कि दरधा नदी शहर के लिए महत्वपूर्ण जलस्रोत है। इसे स्वच्छ रखना नगर परिषद के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से नदी में कचरा नहीं डालने और निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निस्तारण करने की अपील की। 

सीसीटीवी लगने के बाद नदी किनारे निगरानी बढ़ेगी। नगर परिषद को उम्मीद है कि कैमरों की नजर और जागरूकता अभियान के असर से लोग नदी को कचरा डालने की जगह समझने के बजाय उसकी स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाएंगे।

यह भी पढ़ें- पटना-जहानाबाद-हुलासगंज के बीच पिंक बस सेवा शुरू, चेक करें रूट और किराया