विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट छात्रा मौत: परिवार से मिले उपमुख्यमंत्री; सीबीआई जांच की मांग पर क्‍या बोले विजय सिन्हा?

Published: Tue, 27 Jan 2026 09:03 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने जहानाबाद में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और ...और पढ़ें

छात्रा के स्‍वजनों से म‍िलने पहुंचे उपमुख्‍यमंत्री व‍िजय कुमार स‍िन्‍हा। जागरण

छात्रा के स्‍वजनों से म‍िलने पहुंचे उपमुख्‍यमंत्री व‍िजय कुमार स‍िन्‍हा। जागरण

HighLights

  1. उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने नीट छात्रा के परिजनों से मुलाकात की।

  2. निष्पक्ष जांच का आश्वासन, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

  3. जांच में लापरवाही पर सीबीआई को सौंपा जा सकता है मामला।

संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

मंगलवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा छात्रा के परिजनों से मिलकर सांत्वना देने जहानाबाद पहुंचे। उन्‍होंने स्‍वजनों से घटना की पूरी जानकारी हासिल की। 

भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। स्‍वजन ने बताया कि अब तक उचित न्याय नहीं मिल पाया है।

मुख्‍यमंत्री की मामले पर नजर 

एसआईटी की टीम जांच के नाम पर पूरे परिवार को प्रताड़ित कर रही है। पहले टीम दिन में घर पर बार-बार आती थी, अब रात में भी आना शुरू कर दिया है और रिश्तेदारों के घरों पर भी दबाव बनाया जा रहा है। इससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।

उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और एसआईटी जांच की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात सामने आता है, तो मामले को सीबीआई को सौंपने से सरकार पीछे नहीं हटेगी।

वर्तमान में एसआईटी जांच कर रही है, जिसका मॉनीटरिंग खुद डीजीपी कर रहे हैं और सरकार पूरी सहूलियत प्रदान कर रही है।

दोषी कोई भी हो, बख्‍शा नहीं जाएगा 

उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि इसमें चाहे कितना भी रसूखदार व्यक्ति क्यों न हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक होनहार छात्रा की मौत केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है।

सरकार की प्राथमिकता है कि मृत छात्रा को न्याय मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान अरवल के भाजपा विधायक मनोज शर्मा, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, भाजपा के एमएलसी अनिल शर्मा, पूर्व एमएलसी राधा मोहन शर्मा, घोसी जिला परिषद सदस्य अजय सिंह टुन्नु, पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्ण कुमार, पूर्व जेडीयू जिला अध्यक्ष गोपाल कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।