जहानाबाद में एक साथ 49 कोरोना पॉजिटिव, क्वारंटाइन सेंटर में ड्यूटी कर रहा होमगार्ड भी संक्रमित
बिहार के जहानाबाद जिले में एक साथ कोरोना के 49 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। बड़ी बात ये है कि क्वारंटाइन सेंटर में ड्यूटी कर रहे एक होमगार्ड जवान में संक्रमित मिले हैं।
जहानाबाद, जेएनएन। बिहार के जहानाबाद जिले में कोरोना संक्रमितों के मिलने से दहशत फैल गई है। गुरुवार को क्वारंटाइन सेंटर में ड्यूटी कर रहे होमगार्ड के साथ 49 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में अब कोरोना के कुल मामले 107 हो गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। खास बात यह है की एक होमगार्ड जवान को छोड़कर शेष वही लोग संक्रमित पाए गए हैं जो जिले में कहीं बाहर से आए थे और सीधे क्वारांटाइन सेंटर में गए थे।
सिर्फ मखदुमपुर में होमगार्ड का एक जवान संक्रमित पाया गया है जो वहां के क्वारांटाइन सेंटर पर ड्यूटी कर रहा था। इससे प्रशाशनिक महकमे में खलबली मच गई है। बड़ी संख्या में मरीजों के मिलने के बाद संक्रमित लोग जिस क्वारांटाइन सेंटर में रखे गए थे उसे सैनिराटाइज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार हुलासगंज प्रखंड में 17, जहानाबाद सदर में 8, घोषी में 12, मखदुमपुर में 4, मोदनगंज में 7 तथा रतनी फरीदपुर प्रखंड में एक व्यक्ति को संक्रमित पाया गया है। सभी संक्रमितों को रतनी फरीदपुर आइसोलेशन सेंटर में भेजा गया है।
रेड जोन को छोड़ रोस्टर के हिसाब से खोले जाएंगे कपड़े की दुकानें
लॉकडाउन के चौथे चरण में जिलाधिकारी के निर्देश पर रेड जोन को छोड़कर अन्य सभी इलाके में रोस्टर के हिसाब से कपड़े की दुकानें खोलने की स्वीकृति दी गई है। निर्देश में यह उल्लेख किया गया है कि सप्ताह के तीन दिन इसकी दुकानें खुलेगी। सोमवार, मंगलवार तथा बुधवार को सुबह छह बजे से 11 बजे तक शाम दो बजे से छह बजे तक दुकानें खोली जाएंगी। हालांकि इस दौरान ग्राहक तथा दुकानदार आवश्यक शारीरिक दूरी का अनुपालन करते हुए मास्क का प्रयोग जरूर करेंगे। सभी कपड़ा दुकान के सामने दो मीटर की दूरी पर गोला बनाया जाएगा। जिन दुकानदारों द्वारा इसका अनुपालन नहीं किया जाएगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।