जांच में 203 बोतल शराब बरामद, दो गिरफ्तार
महम्मदपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी के दौरान बुधवार को 203 बोतल शराब बरामद किया। इस बीच पुलिस ने शराब के धंधे में संलिप्तता के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य आरोपित पुलिस को देखकर भाग निकलने में सफल हो गए।
गोपालगंज। महम्मदपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी के दौरान बुधवार को 203 बोतल शराब बरामद किया। इस बीच पुलिस ने शराब के धंधे में संलिप्तता के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य आरोपित पुलिस को देखकर भाग निकलने में सफल हो गए।
जानकारी के अनुसार महम्मदपुर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि कुछ लोग थाना क्षेत्र के घोघरहां तथा मंसुरिया बाजार में शराब की खरीद व बिक्री का कार्य कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर उन्होंने एक टीम का गठन कर दोनों स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद चार लोग भागने लगे। जिनका पीछा कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य लोग भाग निकलने में सफल हो गए। पुलिस ने दोनों स्थानों से जांच के क्रम में 203 बोतल शराब बरामद किया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान महम्मदपुर थाना के बांसघाट मंसुरिया गांव के अखिलेश राय तथा धर्मनाथ राय के रूप में की गई है। पुलिस भाग निकलने वाले आरोपित की धर पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। शराब बरामद किए जाने के मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज कराई गई प्राथमिकी में चार लोगों को आरोपित बनाया गया है। इनसेट
शराब पीने के आरोप में दो गिरफ्तार
गोपालगंज : विश्वंभरपुर थाने की पुलिस ने जांच अभियान के दौरान थाना क्षेत्र के सल्लेहपुर गांव के समीप शराब के नशे में हंगामा कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों में सल्लेहपुर गांव के साकेत कुमार तथा दिनेश सहनी उर्फ गूंगा शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध थाने में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।