विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UGC NET 2026: 87 विषयों के लिए 28 अक्टूबर तक करें अप्लाई, जानें फॉर्म फीस और एग्जाम की प्रोसेस

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:46 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी अंतिम तिथि 28 अक्टूबर है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर, विलंब शुल्क के साथ 31 अक्टूबर।

  2. परीक्षा 14 से 19 दिसंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित मोड में होगी।

  3. जेआरएफ और सहायक प्राध्यापक पदों के लिए पात्रता परीक्षा आयोजित।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अभ्यर्थी 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के साथ 29 से 31 अक्टूबर तक आवेदन का अवसर मिलेगा।

परीक्षा 14 से 19 दिसंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र, परीक्षा शहर और प्रवेश पत्र से संबंधित जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यूजीसी नेट का आयोजन कुल 87 विषयों में किया जाएगा। यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) और सहायक प्राध्यापक पद के लिए पात्रता, सहायक प्राध्यापक पद के साथ पीएचडी में प्रवेश तथा केवल पीएचडी में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

सामान्य वर्ग के लिए 1,150 रुपये शुल्क

सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1,150 रुपये निर्धारित किया गया है। सामान्य-ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के अभ्यर्थियों को 600 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और थर्ड जेंडर श्रेणी के अभ्यर्थियों को 325 रुपये शुल्क देना होगा।

विलंब शुल्क के रूप में निर्धारित आवेदन शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये देने होंगे। विलंब शुल्क के साथ आवेदन और शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।

चार नवंबर तक कर सकेंगे सुधार

आवेदन पत्र में दर्ज विवरण में सुधार के लिए दो से चार नवंबर तक अवसर मिलेगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करने की सलाह दी गई है।

अंतिम रूप से आवेदन जमा करने के बाद निर्धारित सुधार अवधि के अलावा किसी तरह के बदलाव की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- मधुबनी ने रचा इतिहास: 5.25 लाख पेंशनभोगियों को मिले 59 करोड़, पूरे बिहार में अव्वल