अनुसंधान को प्रशिक्षित हुए पुलिस पदाधिकारी
गोपालगंज। नगर के कौशल विकास केन्द्र पर आधुनिक तरीके से आपराधिक मामलों के अनुसंधान क
गोपालगंज। नगर के कौशल विकास केन्द्र पर आधुनिक तरीके से आपराधिक मामलों के अनुसंधान के तौर तरीकों की जानकारी के लिए पुलिस पदाधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों को आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान के तौर तरीकों के अलावा कई अन्य बिन्दुओं पर जानकारी उपलब्ध करायी गयी।
अपराध अनुसंधान विभाग पटना से आए पांच पदाधिकारियों के अलावा विधि विज्ञान प्रयोगशाला मुजफ्फरपुर से पहुंचे अधिकारियों ने दो पाली में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान घटना स्थल से जब्त किये गये प्रदर्श की जांच के तरीकों के बारे में जानकारी उपलब्ध करायी। साथ ही अधिकारियों को आज के दौर में होने वाली घटनाओं के अनुसंधान के नए तौर तरीकों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध करायी। डीएसपी मुख्यालय नरेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि आपराधिक वारदातों में आरोपियों को सजा दिलाए जाने की संख्या में आ रही कमी को देखते हुए तमाम पुलिस पदाधिकारियों तथा थानाध्यक्ष आदि को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एसपी निताशा गुडि़या के अलावा डीएसपी मुख्यालय, इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी तथा थानाध्यक्ष आदि मौजूद थे।