थावे जंक्शन से सफर करने वाले यात्री ध्यान दें, 18 दिसंबर तक कई ट्रेनें रद, कुछ का रूट बदला
गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के कारण 13 से 18 दिसंबर तक थावे-सीवान सवारी गाड़ी और डेमू ट्रेनें निरस्त रहेंगी। कुछ अन्य ट्रेनें रामकोला स्टेशन पर समाप्त होंगी।
-1795405837906_m.webp)
थावे जंक्शन के रास्ते चलने वाली कई ट्रेनें रहेंगी रद। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
थावे-सीवान सवारी गाड़ी 13 से 18 दिसंबर तक निरस्त रहेगी।
गोरखपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य से ट्रेन परिचालन प्रभावित।
हथुआ जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज हुई।
संवाद सूत्र, थावे (गोपालगंज)। वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर पिपराइच-बोदरवार-कप्तानगंज स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के कमीशनिंग को लेकर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होगा।
साथ ही 18 दिसंबर को रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण प्रस्तावित है। इसके कारण थावे जंक्शन से चलने वाली कई ट्रेनों को निरस्त करने के साथ कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, गोरखपुर सुमीत कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 13 से 18 दिसंबर तक सीवान-थावे-सीवान के बीच चलने वाली 55037/55038 सवारी गाड़ी निरस्त रहेगी।
17 व 18 दिसंबर को थावे-नकहा जंगल डेमू भी नहीं चलेगी
वहीं, 17 एवं 18 दिसंबर को थावे से चलने वाली 75105 थावे-नकहा जंगल डेमू भी निरस्त रहेगी। इसके अलावा 26 नवंबर से 18 दिसंबर तक 55115 थावे-कप्तानगंज सवारी गाड़ी कप्तानगंज के बजाय रामकोला स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी।
इसी अवधि में 55116 कप्तानगंज-थावे सवारी गाड़ी कप्तानगंज के बजाय रामकोला स्टेशन से चलेगी। 55107 थावे-कप्तानगंज सवारी गाड़ी भी 26 नवंबर से 18 दिसंबर तक कप्तानगंज के बजाय रामकोला में यात्रा समाप्त करेगी।
55108 कप्तानगंज-थावे सवारी गाड़ी इसी अवधि में कप्तानगंज के बजाय रामकोला स्टेशन से चलाई जाएगी।
हथुआ जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज
हथुआ जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और वर्तमान में चल रही ट्रेनों की समय सारणी में बदलाव की मांग को लेकर नागरिक अधिकार मंच का जागरूकता अभियान जारी है।
रविवार को मंच के कार्यकर्ताओं ने हथुआ बाजार में हैंडबिल बांटकर लोगों से मांग के समर्थन में आगे आने की अपील की।
कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों, यात्रियों और राहगीरों को बताया कि यह मांग पूरे क्षेत्र के अधिकार और विकास से जुड़ी है। उनका कहना था कि जंक्शन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इससे क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस मौके पर राजेश गुप्ता, सुनील पांडेय, सरोज कुमार रिंकू, रिजवानुल हक अंसारी मौजूद थे।