गोपालगंज के सरकारी स्कूल से पढ़ाई, दो बार नाकामी; तीसरे प्रयास में किसान की बेटी ने ऐसे फतह की BPSC
बरौली के पेट विरेचा गांव की सविता कुमारी ने बीपीएससी 2025-26 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद हासिल किया है।

बीपीएससी में सफल सविता कुमारी। फाइल
HighLights
सविता कुमारी ने बीपीएससी परीक्षा में सफलता पाई, बनीं DSO।
पिता ने खेती और ताड़ी बेचकर बेटी को पढ़ाया, सपना पूरा किया।
दो बार असफलता के बाद भी पिता ने हौसला बनाए रखा।
संवाद सूत्र, बरौली (गोपालगंज)। पिता खेती करते थे और परिवार का खर्च चलाने के लिए ताड़ी भी बेचते थे। आर्थिक स्थिति साधारण थी, लेकिन बेटी को पढ़ा-लिखाकर अधिकारी बनाने का सपना बहुत बड़ा था।
इसके लिए पिता ने अपनी हर जरूरत को पीछे रखा और बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई।
बरौली प्रखंड के पेट विरेचा गांव की सविता कुमारी ने बीपीएससी 2025-26 की परीक्षा में सफलता हासिल कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (डीएसओ) का पद प्राप्त किया है।
सविता की इस उपलब्धि ने न केवल पिता जुलुम मांझी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया, बल्कि उनकी दिवंगत मां के उस सपने को भी साकार कर दिया, जिसमें वह अपनी बेटी को एक बड़ी अधिकारी के रूप में देखना चाहती थीं।
हालांकि, बेटी की इस कामयाबी की खुशी साझा करने के लिए मां आज उनके बीच नहीं हैं। यही बात इस सफलता को परिवार के लिए खुशी के साथ भावुक कर देने वाला पल भी बना रही है।
सरकारी स्कूल से शुरू हुआ सफर, पटना में की तैयारी
सविता की प्रारंभिक शिक्षा गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने श्रीकांत डिग्री कॉलेज, बेलवनवा, कुचायकोट से आगे की पढ़ाई पूरी की।
सविता ने कॉलेज के दिनों से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी। सुबह-शाम नियमित अध्ययन उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था।
बीपीएससी की बेहतर तैयारी के लिए वह पटना गईं और कोचिंग भी की। हालांकि, सरकारी स्कूल से पढ़ाई करने के कारण शुरुआत में उन्हें बीपीएससी के विस्तृत पाठ्यक्रम को समझने में कठिनाई हुई।
इसके बावजूद उन्होंने अपनी कमजोरी को बाधा नहीं बनने दिया। लगातार मेहनत और नियमित अध्ययन के दम पर तैयारी जारी रखी।
दो बार मिली असफलता, पिता ने नहीं टूटने दिया हौसला
सविता के लिए सफलता की राह आसान नहीं थी। बीपीएससी की तैयारी के दौरान उन्हें दो बार असफलता का सामना करना पड़ा।
लगातार प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने से निराशा होना स्वाभाविक था, लेकिन पिता का भरोसा हमेशा उनके साथ रहा। वह हर बार बेटी को एक और प्रयास करने के लिए प्रेरित करते थे।
सविता बताती हैं कि उनका सपना शुरू से ही बीपीएससी में सफल होकर अधिकारी बनने का था। मां भी चाहती थीं कि बेटी पढ़-लिखकर एक दिन बड़ी अधिकारी बने।
दो बार असफल होने के बाद भी पिता ने उन्हें हिम्मत नहीं हारने दी। वह हमेशा कहते थे कि एक बार और प्रयास करो। पिता के इसी विश्वास और अपने संकल्प के दम पर उन्होंने तीसरे प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
बेटी की सफलता से पिता जुलुम मांझी भावुक हैं। खेती करने और ताड़ी बेचकर परिवार का खर्च चलाने वाले जुलुम मांझी ने बेटी की पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास किया।
जुलुम मांझी बताते हैं कि उनकी पत्नी की इच्छा थी कि बेटी पढ़-लिखकर अधिकारी बने। आज बेटी ने उनका सपना पूरा कर दिया है, लेकिन पत्नी इस खुशी को देखने के लिए दुनिया में नहीं हैं।