Bihar News: बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, CM नीतीश ने कर दिया दिल खुश कर देने वाला एलान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गन्ना किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने गन्ना मूल्य में 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की जिसस ...और पढ़ें

मिथिलेश तिवारी, गोपालगंज। गोपालगंज के सिधवलिया प्रखंड की करसघाट पंचायत से प्रगति यात्रा की दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गन्ना किसानों के लिए राहत भरी घोषणा की। उन्होंने गन्ना मूल्य में 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी करते हुए कहा कि किसानों की लगातार शिकायत मिल रही थी कि गन्ने का मूल्य लागत की तुलना में कम है। इसे बढ़ाया जाना चाहिए।
इसी सीजन में बढ़ा हुआ मूल्य होगा लागू
इसलिए गन्ना उद्योग विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया है कि इसी सीजन में मूल्य वृद्धि कर भुगतान कराएं। 10 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी इसी सीजन में पहले की गई थी। अब इसमें 10 रुपये और जोड़ दिया जाएगा। इसका वहन राज्य सरकार करेगी।
इस तरह गन्ना किसानों को पिछले पेराई सत्र की तुलना में 20 रुपये प्रति क्विंटल अधिक कीमत मिलेगी। सीएम ने कहा कि गोपालगंज में इस बढ़ोतरी की घोषणा इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां गन्ना किसानों की संख्या काफी अधिक है। ज्ञातव्य है कि पिछले पेराई सत्र 2023-24 में उच्च प्रभेद वाले गन्ने का मूल्य प्रति क्विंटल 355 रुपये, सामान्य का मूल्य 335 रुपये और निम्न प्रभेद वाले गन्ने का मूल्य प्रति क्विंटल 355 रुपये था।
जीविका समूह के हस्तनिर्मित सामान की सराहना
घने कोहरे के कारण यात्रा के कार्यक्रम में आंशिक बदलाव हुआ और सड़क मार्ग से पहुंचे मुख्यमंत्री ने जिले में 140 करोड़ की लागत से 72 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास रिमोट दबाकर किया। इनमें 7169.080 लाख की लागत से 61 योजनाओं का लोकार्पण तथा 6733.670 लाख की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
सिधवलिया प्रखंड की करसघाट पंचायत के पकड़ी में पहुंचने के बाद वहां लगे स्टाल पर जीविका दीदियों से संवाद करते हुए कहा कि और अच्छा काम कीजिए।
अच्छा काम करने पर आपका पूरे देश में नाम हुआ है। इस बीच जीविका दीदियों ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हो रही आमदनी एवं मिल रही सुविधाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सीएम ने जीविका समूह के हस्तनिर्मित समान की सराहना की।
मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं
बांकरपुर (सारण) से डुमरिया घाट (गोपालगंज) फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे लोगों को पटना जाने में काफी सुविधा होगी।
- मीरगंज बाजार के बाइपास का निर्माण कराया जाएगा। इससे जिले के विजयीपुर, भोरे, कटेया, फुलवरिया एवं पंचदेवरी प्रखंडों के लगभग 10 लाख लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी।
- एनएच- 27 से ग्राम भोजपुरवा से तुरकाहां एनएच-531 तक गोपालगंज बाइपास का निर्माण होगा। इसके निर्माण से गोपालगंज जिले का रिंग रोड पूरा हो जाएगा। किसानों द्वारा गन्ना ढुलाई के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
- सारण तटबंध के बिंदु 120 किमी से 152 किमी तक सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण किया जाएगा। इससे बाढ़ संबंधित सुरक्षात्मक कार्यों में सुविधा होगी। साथ ही लोगों को आवागमन में भी सुविधा होगी।
- गोपालगंज जिले के कटेया औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए चिह्नित स्थल को विजयीपुर-देवरिया सड़क से जोड़ने हेतु बाइपास सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे बड़े वाहनों का परिचालन सुगम होगा।
- उचकागांव प्रखंड के नवादा परसौनी से डुमरिया गांव के बीच दाहा नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। इससे लोगों को पूरे वर्ष आने-जाने में सुविधा होगी।
- मां थावे मंदिर का विकास एवं सुंदरीकरण किया जाएगा। यह काफी पुराना प्रसिद्ध मंदिर है। इसके निर्माण से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
Nitish Kumar in Gopalganj: गोपालगंज वालों की बल्ले-बल्ले, सीएम नीतीश कुमार ने लगा दी सौगातों की झड़ी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।