विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में 2 दिन से लापता 7वीं की छात्रा का मिला शव, रिश्तेदार पर बहाने से बुलाकर हत्या का आरोप

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:39 PM (IST)

गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र में सोमवार से लापता सातवीं कक्षा की छात्रा संजना कुमारी का शव बुधवार को घर ...और पढ़ें

मामले की जांच करती पुलिस। सौ. जागरण

मामले की जांच करती पुलिस। सौ. जागरण

HighLights

  1. थावे में लापता सातवीं की छात्रा का शव मिला।

  2. स्वजनों ने पट्टीदारों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

संवाद सूत्र, थावे (गोपालगंज)। थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में सोमवार दोपहर से लापता सातवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी का शव बुधवार सुबह घर से कुछ दूरी पर एक पुराने मकान के पीछे मिला। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। 

स्वजन ने पट्टीदार पर छात्रा को बहला-फुसलाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। छपरा से आई डाग स्क्वायड टीम ने करीब दो घंटे तक जांच की। खोजी कुत्ता घटनास्थल से एक आरोपित के घर तक पहुंचा। पुलिस को उम्मीद है कि इससे जांच को दिशा मिलेगी।

गाय को चारा खिलाने गई थी संजना

जानकारी के अनुसार, संजना सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बथान में गाय को चारा खिलाने गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो उसके चाचा शशिकांत पटेल ने थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई।

बुधवार सुबह पुराने मकान के पीछे संजना का शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव के गले और सिर पर कटने के निशान मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

साबुन देने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या

स्वजन का आरोप है कि पूर्व के विवाद के चलते पट्टीदार ने साबुन देने के बहाने संजना को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। आरोपित पक्ष के कुछ लोगों के घर से फरार होने की भी बात कही जा रही है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। 

घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विभा कुमारी के साथ नगर, कुचायकोट और उचकागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ चंदन कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर धर्मवीर प्रसाद ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। 

आक्रोशित स्वजन और ग्रामीण एसपी विनय तिवारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे और करीब सात घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का भरोसा देने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

यह भी पढ़ें- गोपालगंज में बड़ा हादसा: गैस सिलिंडर लीक होने से लगी आग, 17 लोग झुलसे; 2 लोगों को किया रेफर