प्रवासी महिला ने नवजात बच्चे को दिया जन्म
लॉकडाउन के बीच दिल्ली से ट्रक पर बैठकर सुपौल जा रही एक प्रवासी महिला के बलथरी चेकपोस्ट पर पहुंचते ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
गोपालंगज। लॉकडाउन के बीच दिल्ली से ट्रक पर बैठकर सुपौल जा रही एक प्रवासी महिला के बलथरी चेकपोस्ट पर पहुंचते ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला को प्रसव पीड़ा से छटपटाते देख चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों ने एंबुलेंस बुलाकर महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महिला ने एक नवजात बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जिलाधिकारी अरशद अजीज ने नवजात बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया।
लॉकडाउन के बीच दूसरे प्रांतों से भारी संख्या में प्रवासी बिहार की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं। शुक्रवार को भी डेढ़ हजार से अधिक प्रवासी बिहार की सीमा में प्रवेश करते हुए बलथरी चेकपोस्ट पहुंचे। इन प्रवासियों में सुपौल की निवासी रेखा देवी भी रहीं। गर्भवती रेखा देवी दिल्ली से अपने पति व परिवार के सदस्यों के साथ एक ट्रक पर बैठकर बलथरी चेकपोस्ट पहुंचीं। चेकपोस्ट पर पहुंचने पर रेखा देवी को प्रसव पीड़ा होने लगी। इस बात जानकारी होने पर चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दिया। प्रवासी महिला के प्रसव पीड़ा होने की जानकरारी मिलने पर जिला प्रशासन ने चेकपोस्ट पर एंबुलेंस भेज कर रेखा देवी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इस महिला ने एक नवजात बच्चे को जन्म दिया। महिला का प्रसव होने के बाद जिलाधिकारी अरशद अजीज ने नवजात बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए चेकपोस्ट पर तैनात कर्मियों की तारीफ करते हुए महला को समय से अस्पताल में भर्ती कराने के लिए धन्यवाद दिया।