गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान बहा खून, बदमाशों ने चाकू गोदकर की युवक की हत्या
गोपालगंज के रूपंचक गांव में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान एक युवक हिमांशु कुमार यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

रोते बिलखते स्वजन। जागरण
HighLights
रूपंचक गांव में महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान घटना।
हिमांशु कुमार यादव नामक युवक की चाकू मारकर हत्या।
हथुआ पुलिस ने जांच शुरू की, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के हथुआ थाना क्षेत्र के रूपंचक गांव में रविवार की मध्य रात्रि महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान रूपंचक गांव निवासी बसंत यादव के पुत्र हिमांशु कुमार यादव के रूप में बताई गई है। घटना के बाद जुलूस में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद हथुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि रविवार की देर रात रूपंचक गांव में महावीरी अखाड़ा जुलूस निकाला गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बीच हिमांशु कुमार यादव पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के स्वजन में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
