जयंती पर याद किए गए जननायक कर्पूरी ठाकुर
शुक्रवार को सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर पदाधिकारियों से लेकर विभिन्न संगठनों
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : शुक्रवार को सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर पदाधिकारियों से लेकर विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं उन्हें याद कर अपनी श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर जननायक के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। जननायक कर्पूनी ठाकुर की जयंती पर मुख्य कार्यक्रम शहर में स्थित जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में स्थापित जननायक के प्रतिमा के पास आयोजित किया गया। शुक्रवार की सुबह यहां पहुंचे जिलाधिकारी अरशद अजीज, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, सदर एसडीओ उपेंद्र कुमार पाल ने जननायक के प्रतिमा पर माल्यर्पण कर उन्हें नमन किया। जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में ही नाई महासभा ने भी जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती समारोह पूर्वक मनाई। जयंती समारोह की शुरुआत जननायक के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। समारोह में अपने संबोधन में वक्ताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े, शोषित, वंचित के मसीहा थे। इन्होंने दलित, पिछड़े तथा वंचितों को समाज में बराबरी से जीने का हक दिलाया। इन्हीं का योगदान है कि आज दलित, पिछड़े, गरीब तथा वंचित समाज के लोग समाज की मुख्यधारा के साथ कदम से कदम मिलाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। जदयू जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल की अध्यक्षता में जननायक की जयंती मनाई गई। राजद जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रेयाजुल हक राजू की अध्यक्षता में जननायक की जयंती मनाते हुए उन्हें याद किया।