बरौली के महुअनी वार्ड पांच में सड़क व नाला की समस्या झेल रहे लोग
बरौली नगर के बीचोबीच स्थित वार्ड संख्या पांच महुअनी टोला कहने को को नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित है, लेकिन यहां सुविधाएं गांवों से भी बदतर नजर आती है।
गोपालगंज। बरौली नगर के बीचोबीच स्थित वार्ड संख्या पांच महुअनी टोला कहने को को नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित है, लेकिन यहां सुविधाएं गांवों से भी बदतर नजर आती है। पूरे इलाके में कहीं भी नाला नजर नहीं आता। हद तो यह कि मुख्य सड़क को छोड़कर अन्य इलाके की सड़कें आज भी कच्ची ही है। ऐसे में पूरे महुअनी टोला के लोग आज भी गांवों से भी खराब ¨जदगी जीने को विवश हैं। पूरे वार्ड की स्थित पर नजर डालें तो यहां सरकारी सुविधा के नाम पर मात्र एक आंगनबाड़ी केंद्र स्थित है। पूरे इलाके की दशा यहां के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। इस मोहल्ले में नाला की स्थिति सबसे खराब है। कच्ची सड़क को पक्का बनाने की दिशा में कागज पर तो पहल की गई है। लेकिन उस पहल का कोई भी असर धरातल पर नहीं दिख रहा है। नाले का पानी सड़क पर ही बहता है। आलम यह कि हल्की बारिश होने पर भी वार्ड की सड़कों पर जलजमाव का नजारा दिखने लगता है। बारिश के बाद जगह जगह पसरा जलजमाव भी लोगों के लिए मुसीबत बन जाती है। मोहल्ला वासी बताते हैं कि सड़क से लेकर जलनिकासी को लेकर परेशानी बढ़ती जा रही है। लंबे समय से न तो सड़क और ना ही नाली की दशा सुधारने की पहल की जा रही है। कचरा उठाने की व्यवस्था भी बेहतर नहीं होने की भी लोग शिकायत करते हैं। वार्ड के लोगों की मानें तो वार्ड की कई सड़कें अबतक ईंटीकृत ही हैं। लंबे समय से वार्ड की लगातार उपेक्षा किए जाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। स्थानीय लोग गरीबों के लिए आवास के अलावा राशन व किरासन भी समय से नहीं मिलने की शिकायत करते हैं। बावजूद इसके यहां के लोगों की समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है। इस वार्ड में शुरू से ही ध्यान नहीं दिया गया है। अगर शुरू से इस वार्ड के तरफ ध्यान दिया गया होता तो इसकी यह दशा नहीं होती। नए वार्ड पार्षद से वार्ड के लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
मोहन बैठा वार्ड में जलजमाव की समस्या विकट है। बारिश होने के बाद सड़कों पर कई दिन तक जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। पूरे महुअनी टोला में नाला का निर्माण आजतक नहीं किया गया है। सड़कें भी कच्ची हैं। जिसके कारण लोगों को परेशानी होती है।
सत्येंद्र प्रजापति नाले की समस्या बड़ी समस्या है। इस समस्या का जड़ से समाधान करना होगा। अलावा इसके टूटी सड़कों की मरम्मत का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराना होगा। ताकि वार्ड संख्या पांच का संपूर्ण विकास हो सकें।
शमसाद अली सड़क तथा नाली की समस्या विकट है। बारिश होने पर सड़कों पर जलजमाव हो जाता है। साफ सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त करने की जरूरत है। वार्ड में साफ सफाई की व्यवस्था लचर है।
ओमप्रकाश गुप्ता साफ सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं है। हालांकि इधर कुछ समय से इस तरफ ध्यान दिया जा रहा है। लेकिन अभी भी गंदगी को लेकर समस्या बनी हुई है। इस दिशा में नए पार्षद को कार्य करने की जरूरत है। ताकि लोगों को गंदगी से निजात मिल सकें।
प्रेम कुमार वार्ड संख्या पांच बरौली नगर के प्रमुख वार्ड में से एक है। लेकिन उसके बाद भी विकास का कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुआ है। नए वार्ड पार्षद को लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा। तब जाकर वार्ड का विकास संभव है।
पवन कुमार पाण्डेय पूरे वार्ड की समस्या पर नजर है। हरेक समस्या का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता में है। नाले की समस्या हो या जिन स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब है, उन्हें ठीक कराया जाएगा। इसके लिए बकायदा प्लान तैयार किया जा रहा है। प्लान तैयार होने के बाद प्रस्ताव पारित कर वार्ड में विकास का कार्य किया जाएगा।
सीमा देवी, वार्ड पार्षद