वाहन की चपेट में आने से घायल व्यक्ति की मौत
गोपालगंज मांझा थाना क्षेत्र के भड़कुईयां गांव के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गोपालगंज : मांझा थाना क्षेत्र के भड़कुईयां गांव के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल पुत्र का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार मांझा थाना के भड़कुईयां गांव के मनोज यादव अपने पुत्र संदेश यादव के साथ अपने खेत में काम करने लिए मंगलवार को घर से जा रहे थे। खेत में जाने के लिए पिता-पुत्र अपने गांव के ठीक सामने हाईवे को पार करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे टाटा मैजिक ने पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मनोज यादव की हालत गंभीर देखकर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के क्रम में मनोज यादव की मौत हो गई। जबकि संदेश यादव की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर मांझा थाने में टाटा मैजिक के चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।