बच्चों के विवाद में महिला पर तलवार से हमला
थाना क्षेत्र के मछागर लछीराम गांव में ब'चों का खिलौना टूटने के बाद हुए विवाद में एक महिला पर तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
गोपालगंज : थाना क्षेत्र के मछागर लछीराम गांव में बच्चों का खिलौना टूटने के बाद हुए विवाद में एक महिला पर तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल महिला को परिवार के लोगों ने इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार हथुआ थाना क्षेत्र के मछागर लछीराम गांव में असगर अली का पुत्र आसिफ अली पड़ोसी मुनव्वर अली के पुत्र इरफान आलम के साथ प्लास्टिक के खिलौने से खेल रहा था। खेल के दौरान आसिफ का खिलौना टूट गया। खिलौना टूटने के बाद दोनों बच्चों के बीच विवाद प्रारंभ हो गया। यह विवाद उस समय बड़ा हो गया जब मुनव्वर के परिवार के लोग अचानक आक्रोशित होकर असगर अली के दरवाजे पर पहुंच गए तथा उनकी पत्नी गुलशन खातून की पिटाई शुरू कर दी। जब गुलशन को बचाने उनकी बहन सलमा खातून पहुंची तो उसपर दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में सलमा गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में दोनों बहनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सलमा की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।