गोपालगंज के हथुआ में खाद्यान्न योजना के शुद्धिकरण का अभियान, 11181 राशन कार्ड निरस्त; 14584 की जांच जारी
हथुआ अनुमंडल में सरकारी खाद्यान्न योजना के तहत अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए राशन कार्डों का सत्यापन जारी है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
हथुआ अनुमंडल में राशन कार्डों का सत्यापन अभियान जारी।
कुल 11,181 राशन कार्ड अब तक किए गए निरस्त।
14,584 संदिग्ध राशन कार्डधारियों की जांच प्रक्रिया में।
संवाद सूत्र, हथुआ (गोपालगंज)। सरकारी खाद्यान्न योजना में अपात्र लाभार्थियों की पहचान को लेकर हथुआ अनुमंडल में राशन कार्डों के सत्यापन और शुद्धीकरण की कार्रवाई जारी है।
जून तक अनुमंडल के सात प्रखंडों में 11,031 राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं। वहीं, 14,584 राशन कार्डधारी अभी संदिग्ध पाए गए हैं, जिनकी जांच चल रही है।
जांच में अपात्र पाए जाने पर इनके राशन कार्ड भी निरस्त किए जाएंगे। नगर निकायों की कार्रवाई को जोड़ने पर अनुमंडल में अब तक कुल 11,181 राशन कार्ड निरस्त हो चुके हैं।
कार्यालय सूत्रों के अनुसार, हथुआ अनुमंडल के सात प्रखंडों में कुल 1,44,599 राशन कार्डधारी हैं। इनमें सबसे अधिक संदिग्ध लाभार्थी हथुआ प्रखंड में हैं।
यहां 3,992 राशन कार्डधारी जांच के दायरे में हैं। इसके बाद कटेया में 2,261, विजयीपुर में 2,153, उचकागांव में 1,880, भोरे में 1,630, पंचदेवरी में 1,538 तथा फुलवरिया में 1,130 राशन कार्डधारियों की जांच की जा रही है।
ई-केवाईसी से लेकर आधार सीडिंग तक की हो रही जांच
राशन कार्डों के सत्यापन में ई-केवाईसी नहीं कराने, आधार सीडिंग में गड़बड़ी, लाभार्थी की मृत्यु, दूसरे स्थान पर पलायन, दोहरे राशन कार्ड और अपात्रता सहित अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।
सत्यापन के दौरान अपात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को खाद्यान्न योजना से बाहर किया जा रहा है। नगर निकाय क्षेत्रों में भी सत्यापन के बाद कार्रवाई हुई है।
मीरगंज नगर परिषद में 86 और कटेया नगर पंचायत में 64 राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं। ये आंकड़े सात प्रखंडों में निरस्त किए गए 11,031 राशन कार्डों के अतिरिक्त हैं।
इस तरह अनुमंडल क्षेत्र में अब तक 11,181 राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन और शुद्धीकरण की कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना और अपात्र लाभार्थियों को योजना से बाहर करना है।