विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में महिला की चाकू से गोदकर हत्या, पति के फरार होने से खड़े हुए सवाल; जांच में जुटी पुलिस

By Balmiki Mani TiwariEdited By: Shashank Baranwal
Published: Sun, 03 May 2026 02:06 PM (IST)

गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के अमही बांके गांव में नजीया खातून नामक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

HighLights

  1. गोपालगंज के अमही बांके गांव में महिला की हत्या।

  2. मृतका नजीया खातून को चाकू से कई वार किए गए।

  3. पति घायल होकर फरार, पुलिस कर रही है जांच।

संवाद सूत्र, कटेया (गोपालगंज)। कटेया थाना क्षेत्र के अमही बांके गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में महिला की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सहालुद्दीन मियां की पत्नी नजीया खातून के रूप में की गई है।

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात कारणों से हुई इस वारदात में नजीया खातून पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Gopalganj Murder

घटना के दौरान उनका पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन वारदात के बाद उसके फरार होने की बात सामने आ रही है। इससे पूरे मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं और पुलिस इसे संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही कटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

बताया जाता है कि नजीया खातून की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की हत्या के बाद बच्चों के सिर से साया उठ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोपालगंज में जमीनी विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवक के सिर में मारी गोली; इलाज के लिए पटना रेफर