गोपालगंज: सारण मुख्य बांध में रैट होल से तेज हुआ रिसाव, गंडक विभाग ने शुरू किया राहत कार्य
गोपालगंज के सिंहोरवा गांव के पास सारण मुख्य बांध में रैट होल के कारण पानी का रिसाव तेज हो गया ...और पढ़ें

सारण मुख्य बांध में रैट होल से तेज हुआ रिसाव
HighLights
सारण मुख्य बांध में रैट होल से पानी का रिसाव तेज हुआ।
गंडक विभाग की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया।
जिओ बैग डालकर रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। सदर प्रखंड के सिंहोरवा गांव के समीप सारण मुख्य बांध में मंगलवार को रैट होल के कारण रिसाव तेज हो गया। बांध से पानी का रिसाव बढ़ने की सूचना मिलते ही गंडक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य तेज कर दिया। विभाग के अधिकारी व कर्मी बांध को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास में जुटे हुए हैं।
बांध में रिसाव की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों में बांध की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। विभाग की ओर से रिसाव वाले स्थान को चिह्नित कर वहां जिओ बैग डालने का काम शुरू किया गया है। इसके साथ ही रैट होल को बंद करने और पानी के रिसाव को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
रिसाव वाले स्थान पर लगातार निगरानी
बताया जा रहा है कि गंडक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद निचले इलाकों में पानी फैल गया है। पानी भरने के कारण कई परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं। ऐसे में कुछ लोगों ने सारण मुख्य बांध पर ही शरण ले रखी है। बांध पर जगह-जगह लोगों के रहने के कारण प्रशासन के लिए भी उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना चुनौती बना हुआ है।
गंडक विभाग की टीम रिसाव वाले स्थान पर लगातार निगरानी कर रही है। विभाग की ओर से बांध को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संसाधन मौके पर लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों को भी बांध के समीप सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
