बिहार आने वाली ट्रेनों में अभी से नो रूम, नवंबर तक कन्फर्म टिकट नहीं; दुर्गापूजा-दीपावली पर घर लौटना मुश्किल
त्योहारों के मद्देनजर गोपालगंज सहित बिहार आने वाले प्रवासियों को ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है, जिससे घर ...और पढ़ें

थावे जंक्शन पर खड़ी ट्रेन। जागरण
HighLights
त्योहारों पर घर वापसी को लेकर प्रवासियों की चिंता बढ़ी।
प्रमुख ट्रेनों में नवंबर मध्य तक कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं।
यात्रियों की उम्मीदें अब पूजा स्पेशल ट्रेनों पर टिकी हैं।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व की दस्तक के साथ ही दूसरे राज्यों में रह रहे जिले के प्रवासियों की घर वापसी की चिंता बढ़ गई है।
त्योहार पर परिवार के साथ खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे लोगों को नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।दिल्ली, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, कोलकाता और अन्य शहरों से बिहार आने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अभी से नो रूम की स्थिति बन गई है।
प्रमुख ट्रेनों में नवंबर के मध्य तक आरक्षण फुल
कई ट्रेनों में नवंबर के मध्य तक आरक्षण उपलब्ध नहीं है। त्योहारों के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की संख्या हर वर्ष बढ़ जाती है। इस बार भी आरक्षण खुलने के साथ ही ट्रेनों की सीटें तेजी से भर रही हैं।
रेलवे आरक्षण केंद्र के अनुसार, लिच्छवी एक्सप्रेस में 14 नवंबर तक नो रूम है। गरीब रथ में 13 नवंबर और बिहार संपर्क क्रांति में 15 नवंबर तक आरक्षण उपलब्ध नहीं है। वैशाली में पांच नवंबर तथा आम्रपाली में भी सीटें फुल हैं।
कई रूट की ट्रेनों में भी यही हाल
न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस में 13 अक्टूबर तक आरक्षण नहीं मिल रहा है। अवध-असम एक्सप्रेस में करीब 60 दिनों तक नो रूम की स्थिति है।
बाघ एक्सप्रेस में 13 नवंबर, पवन एक्सप्रेस में 10 नवंबर और गोरखधाम एक्सप्रेस में नौ नवंबर तक कन्फर्म टिकट की गुंजाइश नहीं है।
बलिया-सियालदह एक्सप्रेस में 31 अक्टूबर, अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में 11 नवंबर तथा गंगा-कावेरी एक्सप्रेस में 15 नवंबर तक नो रूम है।
वेटिंग टिकट भी यात्रियों की बढ़ा रही चिंता
कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के बाद बड़ी संख्या में यात्री वेटिंग टिकट पर निर्भर हैं। लेकिन त्योहार के दौरान लंबी प्रतीक्षा सूची कन्फर्म होने की गारंटी नहीं देती।
ऐसे में परिवार के साथ घर लौटने की योजना बनाने वाले प्रवासियों के सामने अब स्पेशल ट्रेनों का विकल्प ही बचा है।
स्पेशल ट्रेनों पर टिकी उम्मीद
रेलवे की ओर से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की तैयारी की जा रही है।
विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के साथ फेरे बढ़ाने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।
हालांकि, गोपालगंज व आसपास के यात्रियों को इसका कितना लाभ मिलेगा, यह ट्रेनों की घोषणा और उनके ठहराव के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रवासियों की नजर अब रेलवे की ओर से जारी होने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों की सूची पर टिकी है।
