विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किराया ज्यादा, फिर भी घंटों लेट; दिल्ली-छपरा क्लोन ट्रेनों ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी

Published: Wed, 16 Sep 2026 11:13 AM (IST)

दिल्ली-छपरा के बीच चलने वाली क्लोन और स्पेशल ट्रेनें अधिक किराया लेने के बावजूद लगातार घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

नई द‍िल्‍ली-बरौनी क्‍लोन एक्‍सप्रेस की लेटलतीफी से यात्री परेशान। सांकेत‍िक तस्‍वीर

नई द‍िल्‍ली-बरौनी क्‍लोन एक्‍सप्रेस की लेटलतीफी से यात्री परेशान। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. क्लोन और स्पेशल ट्रेनें अधिक किराये पर भी घंटों लेट।

  2. दिल्ली-छपरा मार्ग पर यात्रियों को भारी असुविधा का सामना।

  3. यात्री समयबद्ध परिचालन और बेहतर सुविधाओं की कर रहे मांग।

जागरण संवाददाता, छपरा। रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जा रही स्पेशल और क्लोन ट्रेनों में अधिक किराया लेने के बावजूद समयबद्ध यात्रा की गारंटी नहीं मिल रही है।

नई दिल्ली से बरौनी के बीच चलने वाली क्लोन एक्सप्रेस और क्लोन स्पेशल सुपरफास्ट के लगातार विलंबित परिचालन से दिल्ली-छपरा के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

यात्रियों के अनुसार, निर्धारित यात्रा समय करीब 16 घंटे होने के बावजूद दोनों ट्रेनें कई बार 20 से 24 घंटे में छपरा पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों की आगे की यात्रा और जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।

क्लोन एक्सप्रेस के समय पर पहुंचने का भरोसा नहीं

नई दिल्ली से छपरा के बीच सामान्य सुपरफास्ट ट्रेनों की तुलना में क्लोन एक्सप्रेस का किराया अधिक है। बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट में नई दिल्ली से छपरा तक स्लीपर का किराया करीब 530 रुपये और थर्ड एसी का 1,360 रुपये है। वैशाली एक्सप्रेस में यही किराया क्रमश: 500 और 1,315 रुपये है।

इसके मुकाबले क्लोन एक्सप्रेस में स्लीपर का किराया 645 रुपये और थर्ड एसी का 1,680 रुपये है। सुपरफास्ट शुल्क जोड़ने के बाद स्लीपर का किराया करीब 675 रुपये और थर्ड एसी का 1,730 रुपये हो जाता है।

पांच दिनों में दोनों ट्रेनों के परिचालन में कई बार घंटों की देरी

02564 क्लोन स्पेशल के पिछले पांच दिनों के आंकड़ों के अनुसार, 16 सितंबर को यह ट्रेन सात घंटे, 15 सितंबर को चार घंटे और 12 सितंबर को साढ़े तीन घंटे विलंब से छपरा पहुंची। 14 और 13 सितंबर को भी ट्रेन 32-32 मिनट की देरी से पहुंची।

वहीं, 02570 क्लोन स्पेशल सुपरफास्ट 16 सितंबर को तीन घंटे, 15 सितंबर को साढ़े तीन घंटे, 14 सितंबर को पौने आठ घंटे, 13 सितंबर को पौने पांच घंटे और 12 सितंबर को चार घंटे विलंब से छपरा पहुंची।

अधिक किराये के अनुरूप सुविधा और समयबद्धता की मांग

यात्रियों का कहना है कि स्पेशल ट्रेन के नाम पर अधिक किराया लेने के बावजूद यदि परिचालन घंटों विलंब से हो तो इसका उद्देश्य प्रभावित होता है।

दिल्ली से आने वाले कई यात्रियों को छपरा के बाद दूसरी ट्रेन, बस या अन्य साधन से आगे जाना होता है। ट्रेन के अनिश्चित समय पर पहुंचने से उनकी पूरी यात्रा योजना बिगड़ जाती है।

यात्रियों ने रेल प्रशासन से क्लोन और स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

उनका कहना है कि अधिक किराया लेने वाली ट्रेनों में समयबद्धता और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

किराये में कितना अंतर

ट्रेन स्लीपर थर्ड एसी
वैशाली एक्सप्रेस 500 रुपये 1,315 रुपये
बिहार संपर्क क्रांति 530 रुपये 1,360 रुपये
क्लोन एक्सप्रेस 645 रुपये 1,680 रुपये
क्लोन सुपरफास्ट 675 रुपये 1,730 रुपये

02564 क्लोन स्पेशल कितनी देर से छपरा पहुंची

दिनांक विलंब
16 सितंबर 7 घंटे
15 सितंबर 4 घंटे
14 सितंबर 32 मिनट
13 सितंबर 32 मिनट
12 सितंबर 3 घंटे 30 मिनट

02570 क्लोन स्पेशल सुपरफास्ट का विलंब

दिनांक विलंब
16 सितंबर 3 घंटे
15 सितंबर 3 घंटे 30 मिनट
14 सितंबर 7 घंटे 45 मिनट
13 सितंबर 4 घंटे 45 मिनट
12 सितंबर 4 घंटे