विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री आवास योजना का पैसा लेकर नहीं बनाया घर, लाभार्थियों के खिलाफ एक्शन की तैयारी में गोपालगंज प्रशासन

Published: Wed, 09 Sep 2026 03:53 PM (IST)

गोपालगंज में मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 316 घर अधूरे पड़े हैं, जबकि कई लाभार्थियों ने किस्तें प्राप्त करने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. गोपालगंज में 316 मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास अधूरे पड़े।

  2. किस्तें लेने के बाद भी कई लाभार्थियों ने निर्माण नहीं किया।

  3. लापरवाह लाभार्थियों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में राशि लेने के बाद भी आवास निर्माण अधूरा छोड़ने वाले लाभुकों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक जिले में स्वीकृत 3178 आवासों में से 2862 का निर्माण ही पूरा हो सका है, जबकि 316 आवास अब भी अधूरे हैं।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, दूसरी व तीसरी किस्त की राशि प्राप्त करने के बाद भी 120 से अधिक लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा नहीं कराया है। विभाग ने सभी बीडीओ को पुराने लंबित आवासों की समीक्षा कर उन्हें जल्द पूरा कराने तथा लापरवाह लाभुकों पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लक्ष्य व उपलब्धि के आंकड़े को परखती गोपालगंज से मिथिलेश तिवारी की रिपोर्ट...।

1.20 लाख की सहायता तीन किस्तों में

मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की तर्ज पर लाभुकों को पक्का मकान निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। निर्माण की प्रगति के आधार पर दूसरी व तीसरी किस्त जारी की जाती है। योजना में शौचालय निर्माण का भी प्रावधान है।

3144 को पहली और 2760 को मिली तीसरी किस्त

विभागीय आंकड़ों के अनुसार 3178 स्वीकृत लाभुकों में से 3144 को पहली, 3008 को दूसरी तथा 2760 लाभुकों को तीसरी किस्त की राशि जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद 316 आवासों का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। वहीं 34 लाभुकों को अब तक पहली किस्त की राशि भी नहीं मिल सकी है।

बरौली में सबसे अधिक 67 आवास लंबित

जिले में सबसे अधिक 67 आवास बरौली प्रखंड में लंबित हैं। यहां 310 स्वीकृत आवासों में से 243 का निर्माण पूरा हो सका है। कटेया में 446 में से 403 तथा गोपालगंज प्रखंड में 320 में से 280 आवास पूरे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना (2018-19 से 2025-26)

प्रखंड लक्ष्य उपलब्धि
बैकुंठपुर 252 226
बरौली 310 243
भोरे 232 218
विजयीपुर 170 163
गोपालगंज 320 280
हथुआ 236 234
कटेया 446 403
कुचायकोट 262 253
मांझा 186 176
पंचदेवरी 146 133
फुलवरिया 183 156
सिधवलिया 183 154
थावे 122 110
उचकागांव 130 113

मुख्यमंत्री आवास योजना के पुराने लंबित आवासों को पूर्ण कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में सभी बीडीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। राशि लेने के बाद भी आवास निर्माण पूरा नहीं कराने वाले लाभुकों के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - गौरव कुमार, उप विकास आयुक्त