विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के पारण का खाना नहीं बना तो मां ने लगाई डांट, गोपालगंज में घर से निकली बेटी ने उठाया आत्‍मघाती कदम

Published: Mon, 16 Nov 2026 03:30 PM (IST)

गोपालगंज के उचकागांव में छठ के पारण का खाना तैयार न होने पर मां की डांट से नाराज होकर घर ...और पढ़ें

घटनास्‍थल की जांच करती फोरेंसिक टीम। जागरण

घटनास्‍थल की जांच करती फोरेंसिक टीम। जागरण

HighLights

  1. छठ के पारण पर मां की डांट से हुई नाराज।

  2. घर से निकली 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आई।

  3. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।

संवाद सूत्र, उचकागांव (गोपालगंज)। उचकागांव थाना क्षेत्र के पिडरा गांव में सोमवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई।

बताया जाता है कि छठ का पारण करने घर पहुंची मां ने खाना तैयार नहीं मिलने पर बेटी को डांट लगाई थी। इससे नाराज होकर युवती घर से निकल गई थी।

मृतका की पहचान पिडरा गांव निवासी लालचंद साह की पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद स्वजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे।

इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।

पारण का खाना तैयार नहीं मिलने पर मां ने लगाई थी डांट

ग्रामीणों के अनुसार, लालचंद साह की पत्नी ने छठ का व्रत किया था। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद जब वह घर पहुंचीं तो पारण के लिए खाना तैयार नहीं था।

इस बात को लेकर उन्होंने अपनी 19 वर्षीय बेटी गुड़िया कुमारी को डांट लगा दी। बताया जाता है कि इससे नाराज होकर गुड़िया घर से निकल गई और करीब 100 मीटर दूर स्थित रेलवे लाइन की ओर चली गई।

इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे का बताया जा रहा है। घटना के बाद स्वजन शव को खेत में पुआल के पास ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे।

अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच पहुंची पुलिस

घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। इसके बाद उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा और थावे जीआरपी के जमादार हृदयानंद तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस मृतका के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। स्वजन घर पर मौजूद नहीं थे।

बताया जाता है कि गुड़िया छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके दो भाई विदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। गुड़िया की शादी मार्च-अप्रैल में सीवान जिले में तय थी।

उसके पिता लालचंद साह का करीब 20 दिन पहले हृदय का आपरेशन हुआ था। उनका डायलिसिस भी चल रहा है।घटना के समय गुड़िया का बड़ा भाई रामबाबू साह और छोटा भाई दीपक कुमार गांव के छठ घाट पर जलेबी की दुकान चला रहे थे।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।