छापेमारी में चोरी की चार बाइक बरामद, पांच आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने विश्वंभरपुर तथा लखरांव गांव में छापेमारी के दौरान चोरी की चार बाइक बरामद की।
गोपालगंज : पुलिस ने विश्वंभरपुर तथा लखरांव गांव में छापेमारी के दौरान चोरी की चार बाइक बरामद किया। इस बीच पुलिस ने चोरी की बाइक रखने तथा इसके कारोबार में संलिप्तता के आधार पर पांच आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित को पुलिस ने गुरुवार की शाम जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार विश्वंभपुर थाने की पुलिस थाना क्षेत्र के सिसवां मोड़ के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच बाइक से दो लोग पहुंचे। पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों लोग भागने का प्रयास करने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वाहन के कागजात के संबंध में पूछताछ करने पर पकड़े गए लोगों ने कोई भी कागज प्रस्तुत नहीं किया। जांच के क्रम में पकड़ी गई बाइक चोरी की निकली। उनके बताए गए स्थान पर छापेमारी के क्रम में पुलिस ने एक अन्य युवक को चोरी की दो बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान उत्तरप्रदेश के कुशीनगर जिले के बंगरा थाना के रामपुर गांव के फिरोज अंसारी व संदीप कुमार गोड़ एवं विश्वंभरपुर थाना के जमुनिया गांव के सतीश कुमार ¨सह के रूप में की गई है। उधर भोरे थाने की पुलिस ने लखरांव के समीप वाहन जांच के क्रम में दो लोगों की चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों की पहचान देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पाण्डेय पुर गांव के अनमोल यादव तथा सिवान जिले के सिवान नगर अस्पताल पथ निवासी अजय कुमार के रूप में की गई है। दोनों मामलों की थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।