बैकुंठपुर प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत में बाढ़ की तबाही जारी
बाढ़ से मची तबाही का असर कम होने के बाद भी बैकुंठपुर प्रखंड के जगदीशपुर एवं क
गोपालगंज। बाढ़ से मची तबाही का असर कम होने के बाद भी बैकुंठपुर प्रखंड के जगदीशपुर एवं कतालपुर पंचायत में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घोघारी नदी का पानी दोनों पंचायतों में तेजी से फैलने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। जगदीशपुर गांव में साथ ही कतालपुर पंचायत के फकलपुर गांव में भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गांव में बाढ़ का पानी बढ़ने से अफरातफरी मची हुई है। ग्रामीण गांव छोड़कर ऊंचे स्थान तथा स्टेट हाईवे पर शरण लिए हुए हैं। इस बीच प्रशासनिक स्तर पर राहत कार्यों में और तेजी आ गई है। बाढ़ में फंसे गांवों में राहत सामग्री वितरित करने का काम और तेज हो गया है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद बीमारियों फैलने की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों की टीम गांवों में पहुंच कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है।
सारण तटबंध टूटने के बाद बैकुंठपुर पंचायत के भी 43 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए। लेकिन कुछ दिन बाद बाढ़ का पानी उतरने से बाढ़ प्रभावित गांवों में जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। गांव छोड़ कर पलायन करने वाले लोग अब अपने घरों में लौट आए हैं, लेकिन पानी उतरने के बाद भी जगदीशपुर पंचायत तथा कतालपुर पंचायत में बाढ़ की स्थित गंभीर बनी हुई है। पानी उतरने के बाद भी जगदीशपुर गांव तथा कतालपुर पंचायत के फकलपुर गांव में बाढ़ का पानी और भर गया है। जिससे इन दोनों गांवों में अफरातफरी मची हुई है। ग्रामीण गांव छोड़ कर पलायन कर गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी बढ़ने के बाद भी अभी तक इस गांव में राहत दल नहीं पहुंचा है। राहत सामग्री नहीं मिलने से ग्रामीण भूखे प्यासे रह रहे हैं।