होमगार्ड जवान के बयान पर तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी
गोपालगंज। बाजार से घर लौटने के क्रम में होमगार्ड के जवान को गोली मारकर घायल किए जाने क
गोपालगंज। बाजार से घर लौटने के क्रम में होमगार्ड के जवान को गोली मारकर घायल किए जाने के मामले में थाने में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। कांड दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी गांव के निवासी तथा होमगार्ड के जवान सतीश शाही ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वे अपने भतीजा गोलू शाही के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में पहाड़पुर छांगुर गांव के समीप पूर्व से घात लगाए लोगों ने उनपर गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली लगने से सतीश शाही गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हे बचाने का प्रयास कर रहे उनके भतीजा गोलू शाही पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी तीन हमलावर भाग निकले। दर्ज प्राथमिकी में उन्होने इस संबंध में बलथरी गांव के संजय शाही, निरंजन शाही तथा अभय उर्फ मुन्ना शाही का नामजद आरोपित बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गोलू शाही के पिता पियूष शाही की हत्या के मामले में वे गवाह थे। हमलावरों ने उक्त हत्याकांड के सभी गवाहों की बारी-बारी से हत्या करने की भी धमकी दी। होमगार्ड जवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने सोमवार की रात्रि आरोपित की धर पकड़ के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की। लेकिन किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।